
जमशेदपुर : शहर की सफाई व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त और आधुनिक बनाने के उद्देश्य से मानगो नगर निगम कार्यालय में एक अहम समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। मेयर सुधा गुप्ता की अध्यक्षता में हुई इस उच्चस्तरीय बैठक में सफाई संवेदकों और नगर निगम के अधिकारियों ने हिस्सा लिया। बैठक के दौरान मानगो क्षेत्र की स्वच्छता व्यवस्था, कचरा उठाव की मौजूदा स्थिति, मैनपावर की उपलब्धता और संसाधनों की स्थिति पर विस्तृत चर्चा की गई और कई बड़े फैसले लिए गए।
दिन में जाम से मिलेगी मुक्ति, रात में होगा कचरा उठाव
मेयर सुधा गुप्ता ने मानगो की लगातार बढ़ती आबादी और स्थानीय जनता की अपेक्षाओं को ध्यान में रखते हुए सफाई व्यवस्था में व्यापक सुधार की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि अब से मानगो क्षेत्र में रात्रि के समय भी कचरा उठाव का कार्य संचालित किया जाएगा। इस फैसले से दिन के समय लगने वाले भारी यातायात जाम से लोगों को राहत मिलेगी और बाजार तथा मुख्य सड़कों पर पूरे दिन स्वच्छता बनी रहेगी। इसके अलावा, यह भी तय किया गया कि रविवार और अन्य सरकारी अवकाश के दिनों में भी विशेष कार्य योजना बनाकर नियमित सफाई और कचरा उठाव सुनिश्चित किया जाए।
नई गाड़ियों की होगी खरीद, संवेदकों को मैनपावर बढ़ाने के निर्देश
बैठक के दौरान मेयर ने सफाई कार्य में लगे सभी संवेदकों (Contractors) को सख्त हिदायत दी कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में पर्याप्त संख्या में मैनपावर (सफाईकर्मी) बढ़ाएं। किसी भी वार्ड में कर्मचारियों की कमी की वजह से सफाई व्यवस्था प्रभावित नहीं होनी चाहिए। सफाई कार्य को अधिक प्रभावी और अत्याधुनिक बनाने के लिए मेयर ने नई कचरा उठाव गाड़ियों की खरीद प्रक्रिया को भी शीघ्र प्रारंभ करने का निर्देश नगर निगम के अधिकारियों को दिया है।
READ MORE :Railway News: आसनसोल मंडल में मेगा ब्लॉक, टाटानगर-बक्सर, वंदे भारत और इंटरसिटी समेत कई ट्रेनें रद्द व लेट; देखें लिस्ट
स्वच्छ मानगो, स्वस्थ मानगो: मॉनिटरिंग टीम रखेगी नजर
मेयर सुधा गुप्ता ने आम नागरिकों से भी सहयोग की अपील करते हुए कहा कि शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाना केवल नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि यह प्रत्येक नागरिक का भी परम दायित्व है। उन्होंने लोगों से सड़कों और सार्वजनिक स्थलों पर कचरा नहीं फेंकने तथा निर्धारित डस्टबिन में ही कचरा डालने की अपील की।
वहीं, निगम के नगर उप आयुक्त कृष्ण कुमार ने बैठक में कहा कि ‘स्वच्छ मानगो, स्वस्थ मानगो’ के संकल्प को धरातल पर उतारने के लिए नगर निगम पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है। आने वाले दिनों में मानगो की सफाई व्यवस्था में और भी व्यापक सुधार देखने को मिलेगा। उन्होंने अधीनस्थ अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे एक विशेष मॉनिटरिंग टीम बनाकर पूरी जिम्मेदारी के साथ कचरा उठाव कार्य का निष्पादन कराएं, ताकि स्थानीय लोगों को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। इस अहम बैठक में सभी संवेदक, सिटी मैनेजर और सुपरवाइजर मुख्य रूप से उपस्थित रहे।



