जमशेदपुर।
पूर्वी सिंहभूम जिला युवा कांग्रेस कमेटी के नवनियुक्त पदाधिकारियों ने आज पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता बन्ना गुप्ता से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर विशेष रूप से युवा कांग्रेस के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, विधानसभा अध्यक्ष एवं ब्लॉक अध्यक्ष उपस्थित रहे। पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता ने अपने आवासीय कार्यालय में सभी युवा पदाधिकारियों का स्वागत करते हुए उन्हें सम्मानित किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता ने कहा कि युवा किसी भी संगठन की रीढ़ होते हैं। युवाओं की सक्रिय भागीदारी से न केवल संगठन मजबूत होता है, बल्कि पार्टी को नई ऊर्जा और दिशा भी मिलती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा युवाओं को आगे बढ़ाने का कार्य करती रही है और आने वाले समय में युवा कांग्रेस की भूमिका और भी महत्वपूर्ण होगी।
बन्ना गुप्ता ने कहा कि वर्तमान में पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस अध्यक्ष परविंदर सिंह भी युवा सोच के नेता हैं। ऐसे में युवा कांग्रेस को उनके साथ समन्वय स्थापित कर पार्टी और संगठन हित में कार्य करना चाहिए। उन्होंने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों से अनुशासन, समर्पण और जनसेवा की भावना के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष नवनीत मिश्रा ने कहा कि संगठन द्वारा जो जिम्मेदारी उन्हें सौंपी गई है, उसे पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निभाया जाएगा। उन्होंने कहा कि युवा कांग्रेस जमीनी स्तर पर युवाओं की समस्याओं को उठाने और पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करेगी।
कार्यक्रम में युवा कांग्रेस के प्रमुख पदाधिकारियों में शुभम शुक्ला, बैजनाथ हंसदा, रोहित कुमार पाल, विकास मुखी, सौरभ राज, सुभाष रोहन अवस्थी सहित प्रदेश सचिव मोहम्मद नौशाद एवं सलमान पठान उपस्थित रहे। वहीं विधानसभा अध्यक्षों में सुदामा मुखी, मोहम्मद हसन उर्फ बाबू, समीर कुमार उर्फ निखिल तिवारी, शुभम झा, जकरिया सलीब, चिराग सिंह और उज्जवल पाठक शामिल थे।
इसके अलावा ब्लॉक अध्यक्षों में उज्जवल पांडे, सनी अनुराग, अविनाश कुमार, स्वयं मुखी, रोहित कुमार शर्मा, अभय कुमार शर्मा, गोलू कुमार, अमित रजक, कुमार उद्धव, जगदीप सिंह और अमन कुमार सिंह समेत बड़ी संख्या में युवा कांग्रेस के निर्वाचित पदाधिकारी मौजूद थे।
युवा कांग्रेस के पदाधिकारियों को सम्मानित करने के इस कार्यक्रम का संचालन मनोज झा ने किया। कार्यक्रम में संजय तिवारी, जुगसलाई प्रखंड के कार्यकारी अध्यक्ष इरसाद हैदर, कदमा मंडल अध्यक्ष अभिषेक मोहंती, सेंटी रजक, राजकुमार दास, राजेश रजक और संतोष सिंह सहित कई वरिष्ठ एवं युवा नेता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी युवा पदाधिकारियों ने कांग्रेस पार्टी की विचारधारा को मजबूती देने और संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का संकल्प लिया।




