
-UFBO के आह्वान पर पूरे देश में होगी बैंक हड़ताल
-27 को जमशेदपुर में प्रदर्शन
-11, 28, 29 और 30 सितंबर को देशव्यापी हड़ताल
-मांगे पूरी न होने पर 26 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल
Anni Amrita


जमशेदपुर.
देश के बैंकिंग क्षेत्र में एक बार फिर बड़ा आंदोलन शुरू होने जा रहा है. यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) ने अपनी लंबित मांगों को लेकर केंद्र सरकार और बैंक प्रबंधन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है. 7 प्रमुख बैंक कर्मचारी और अधिकारी संघों के इस शीर्ष संगठन ने मांगें पूरी न होने पर सितंबर और अक्टूबर 2026 में देशव्यापी हड़ताल और अनिश्चितकालीन काम ठप करने का ऐलान किया है.
READ MORE :JAMSHEDPUR NEWS:MMDR संशोधन के विरोध में JMM का प्रदर्शन, 7 सितंबर को प्रखंडों में घेराव
आंदोलन का मुख्य कारण: 5 डे बैंकिंग, PLI योजना का विरोध व अन्य मांगे
UFBU की ओर से जारी आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, बैंक यूनियनों की सबसे प्रमुख मांग ‘5 डे बैंकिंग’ (सप्ताह में 5 दिन काम) की प्रतिबद्धता को तुरंत लागू करना है. संगठन का कहना है कि सरकार और प्रबंधन पूर्व में किए गए वादों को पूरा करने में देरी कर रहे हैं.
इसके अलावा, सरकार द्वारा लागू की जा रही नई ‘परफॉर्मेंस लिंक्ड इंसेंटिव’ (PLI) योजना का भी कड़ा विरोध किया जा रहा है. यूनियनों ने इस योजना को ‘एकतरफा और भेदभावपूर्ण’ करार दिया है. UFBU की मांग है कि इस PLI योजना के कार्यान्वयन पर तुरंत रोक लगाई जाए और द्विपक्षीय बातचीत (Bilateral Discussions) के माध्यम से इसमें आवश्यक संशोधन किए जाएं. साथ ही, कर्मचारियों की अन्य लंबित समस्याओं और मुद्दों का भी तुरंत समाधान निकाला जाए.
READ MORE :JAMSHEDPUR NEWS :कनाडा के उच्चायोग के वाणिज्यिक मंत्री ने किया CSIR-NML का दौरा
जमशेदपुर के बिष्टुपुर पोस्टल पार्क में 27 अगस्त को बैंककर्मी करेंगे प्रदर्शन
यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन, जमशेदपुर की तरफ से संयोजक रींटू रजक ने जानकारी देते हुए बताया कि आंदोलन के समर्थन में गुरुवार 27 अगस्त की शाम 5.30 बजे बिष्टुपुर पोस्टल पार्क में बैंककर्मी एकत्रित होकर अपनी मांगों के समर्थन में प्रदर्शन करेंगे.
सितंबर में 4 दिन रहेगी बैंक हड़ताल, 26 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल
मांगों के समर्थन में संगठन ने चरणबद्ध आंदोलन की रूपरेखा तैयार की है, जिसमें लगभग 8 लाख बैंक कर्मचारी और अधिकारी भाग लेंगे. हड़ताल का शेड्यूल इस प्रकार है:
11 सितंबर 2026: एक दिवसीय देशव्यापी हड़ताल.
28, 29 और 30 सितंबर 2026: तीन दिवसीय लगातार हड़ताल.
26 अक्टूबर 2026 से: अनिश्चितकालीन हड़ताल (Indefinite Strike).
यदि समय रहते सरकार और यूनियनों के बीच सहमति नहीं बनती है, तो सितंबर महीने में ही बैंकिंग सेवाएं कई दिनों के लिए प्रभावित रहेंगी, जिसका सीधा असर आम जनता, कारोबारियों और वित्तीय लेन-देन पर पड़ेगा.
यूनियनों का एक जुट मंच
इस आंदोलन का नेतृत्व कर रहे यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस में देश के प्रमुख बैंक संगठन शामिल हैं, जिनमें AIBEA, AIBOC, NCBE, AIBOA, BEFI, INBEF और INBOC शामिल हैं. यूनियनों का कहना है कि वे लंबे समय से शांतिपूर्ण वार्ता के जरिए समाधान निकालने का प्रयास कर रहे थे, लेकिन प्रबंधन के ढुलमुल रवैये के कारण उन्हें हड़ताल का कठोर कदम उठाने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है.
आम जनता पर पड़ सकता है भारी असर
सितंबर और अक्टूबर में होने वाली इस हड़ताल के कारण चेक क्लीयरेंस, कैश जमा और निकासी, ड्राफ्ट जारी करने जैसे बैंकिंग कार्य पूरी तरह ठप्प हो सकते हैं. हालांकि, डिजिटल बैंकिंग सेवाएं जैसे UPI और इंटरनेट बैंकिंग चालू रहने की उम्मीद है, लेकिन कैश की किल्लत और एटीएम संचालन में बाधा आ सकती है. विश्लेषकों का मानना है कि यदि अक्टूबर में अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू होती है, तो देश की अर्थव्यवस्था और व्यापारिक गतिविधियों पर इसका गंभीर प्रतिकूल असर पड़ सकता है.


