
जमशेदपुर।
आत्मनिर्भर भारत अभियान को और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में एक अहम पहल के तहत एमएसएमई डिफेंस कॉन्क्लेव–2026 का आयोजन 16 एवं 17 जनवरी 2026 को आदित्यपुर ऑटो क्लस्टर में किया जाएगा। इस दो दिवसीय आयोजन का उद्देश्य स्थानीय सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योगों (एमएसएमई) को रक्षा क्षेत्र से जोड़कर उन्हें नए व्यावसायिक अवसर उपलब्ध कराना है। इसकी जानकारी सिंहभूम चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान चैम्बर अध्यक्ष मानव केडिया ने दी।

READ MORE :Jamshedpur News :गोविंदपुर में मिथिला सांस्कृतिक परिषद् का कंबल वितरण अभियान जारी
संयुक्त तत्वावधान में आयोजन
सिंहभूम चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के अध्यक्ष मानव केडिया ने बताया कि इस कॉन्क्लेव का आयोजन आदित्यपुर स्मॉल इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (एसिया), भारत चैम्बर ऑफ कॉमर्स (नोडल एजेंसी) के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है। इसमें लघु उद्योग भारती और BEML सहित कई प्रमुख व्यावसायिक संस्थाएं सहयोगी की भूमिका निभा रही हैं।
उद्घाटन और विशिष्ट अतिथि
कॉन्क्लेव का उद्घाटन 16 जनवरी को मुख्य अतिथि के रूप में देश के रक्षा राज्यमंत्री संजय सेठ करेंगे। इस अवसर पर रिटायर्ड एयर चीफ मार्शल अरूप राहा तथा रक्षा विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
स्थानीय उद्योगों को मिलेगा लाभ
एसिया अध्यक्ष इंदर अग्रवाल ने कहा कि वर्तमान में देशभर में करीब 17 हजार एमएसएमई इकाइयाँ रक्षा क्षेत्र से जुड़ी हैं, लेकिन जमशेदपुर और आसपास के क्षेत्रों की भागीदारी बेहद सीमित है। यह कॉन्क्लेव स्थानीय उद्यमियों को यह समझने का अवसर देगा कि रक्षा क्षेत्र में किन उत्पादों और पुर्जों का निर्माण किया जा सकता है। ऑटोमोबाइल और रेलवे सेक्टर में कार्यरत उद्योगों के लिए यह आयोजन नई संभावनाओं के द्वार खोलेगा, जिससे कोल्हान सहित पूरे झारखंड के एमएसएमई उद्योगों को लाभ होगा।
प्रदर्शनी, सेमिनार और वर्कशॉप
भारत चैम्बर ऑफ कॉमर्स के महासचिव केका शर्मा ने बताया कि रक्षा मंत्रालय लंबे समय से एमएसएमई को बढ़ावा देने के लिए निजी क्षेत्र को जोड़ रहा है। कॉन्क्लेव के दौरान प्रदर्शनी, सेमिनार और वर्कशॉप आयोजित की जाएंगी। इसमें एयरफोर्स, नेवी और आर्मी से जुड़े अनुभवी विशेषज्ञ उद्यमियों को रक्षा क्षेत्र की संभावनाओं से अवगत कराएंगे।
सचिव अविक राय ने इसे झारखंड का पहला स्टेट लेवल डिफेंस कॉन्क्लेव बताया।
50 स्टॉल और बी2बी संवाद
एसिया महासचिव प्रवीण गुटगुटिया ने जानकारी दी कि कॉन्क्लेव में करीब 50 स्टॉल लगाए जाएंगे, जिनमें रक्षा मंत्रालय से जुड़े 5–6 स्टॉल भी शामिल होंगे।सिंहभूम चैम्बर के महासचिव पुनीत कांवटिया ने बताया कि प्रदर्शनी, बी2बी मीटिंग और पैनल चर्चा इस आयोजन के प्रमुख आकर्षण होंगे।
सरकारी योजनाओं पर फोकस
लघु उद्योग भारती के अध्यक्ष बिनोद शर्मा ने कहा कि कॉन्क्लेव का उद्देश्य एमएसएमई को रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाना है। इसके तहत iDEX और Make Projects जैसी सरकारी योजनाओं की जानकारी और सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा।भारत चैम्बर ऑफ कॉमर्स के सचिव अविक राय ने कहा कि पूरे झारखंड में पहली बार इस स्तर का स्टेट लेवल डिफेंस कॉन्क्लेव जमशेदपुर में आयोजित किया जा रहा है, जो राज्य के एमएसएमई उद्यमियों के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर है।
प्रेस वार्ता में रहे उपस्थित
प्रेस वार्ता में सिंहभूम चैम्बर के उपाध्यक्ष हर्ष बाकरेवाल, अधिवक्ता राजीव अग्रवाल, सचिव अंशुल रिंगसिया, आदित्यपुर स्मॉल इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (एसिया) के पदाधिकारी राजीव श्रीवास्तव, राजकुमार संघी, संतोख सिंह सहित बड़ी संख्या में उद्यमी एवं व्यवसायी मौजूद रहे।
अधिक जानकारी और स्टॉल बुकिंग के लिए संपर्क करेंः-
. प्रवीण गुटगुटिया, महासचिव, एसिया – 9334013344
. राजकुमार संगी, कोषाध्यक्ष, एसिया – 8789040693
. अशोक गुप्ता, सचिव, एसिया – 9204813885


