
जमशेदपुर।
त्योहारों के बीच जमशेदपुर में मानवता की मिसाल पेश करते हुए सांसद विद्युत महतो ने एक गरीब परिवार की मदद कर संवेदनशीलता का परिचय दिया। मामला तीनप्लेट 10 नंबर बस्ती निवासी विजय कुमार रिकी का है, जो लंबे समय से बीमार चल रहे थे और इलाज के लिए टाटा मोटर्स हॉस्पिटल में भर्ती थे। इलाज के दौरान उनकी स्थिति बिगड़ी और आज उनकी मृत्यु हो गई।


रिकी की मौत के बाद अस्पताल प्रबंधन ने तकरीबन 3 लाख रुपये का बकाया बिल उनके परिजनों के सामने रखा। आर्थिक रूप से कमजोर परिवार इतनी बड़ी राशि चुकाने में असमर्थ था। परिजनों की परेशानी को देखते हुए स्थानीय भाजपा नेता एवं अल्पसंख्यक मोर्चा के जिला अध्यक्ष तथा महासभा के प्रदेश अध्यक्ष मनजीत सिंह गिल से परिवार ने मुलाकात कर अपनी समस्या साझा की।
स्थिति की गंभीरता को समझते हुए मनजीत सिंह गिल ने तुरंत सांसद विद्युत महतो से संपर्क किया और पूरी घटना की जानकारी दी। इस पर सांसद ने तुरंत पहल करते हुए अपने मेडिकल प्रभारी मक्खन शर्मा को निर्देशित किया कि अस्पताल प्रबंधन से समन्वय कर मामले का समाधान कराया जाए।
सांसद की पहल पर टाटा मोटर्स हॉस्पिटल ने इंसानियत को देखते हुए मृतक के परिजनों से बकाया बिल माफ कर दिया। इसके बाद अस्पताल प्रशासन ने शव परिजनों को सौंप दिया।
इस मदद से मृतक का परिवार भावुक हो उठा और सांसद विद्युत महतो सहित उन सभी लोगों का आभार जताया, जिन्होंने इस कठिन घड़ी में सहयोग किया।
सांसद विद्युत महतो ने कहा कि किसी भी त्योहार की असली खुशी तब है जब हम जरूरतमंदों के काम आएं। ऐसे अवसर पर मदद कर हम समाज को बेहतर दिशा दे सकते हैं। उन्होंने मृतक की आत्मा की शांति और परिवार को दुख सहने की शक्ति देने की कामना भी की।
READ MORE :JAMSHEDPUR NEWS :मोदी सरकार का अभिनव तोहफ़ा ‘जीएसटी बचत उत्सव’, जमशेदपुर में सांसद ने बताया लाभ
यह घटना सिर्फ एक परिवार की मदद नहीं है बल्कि समाज में एक संदेश भी है कि राजनीति के साथ-साथ इंसानियत का रिश्ता सबसे बड़ा है। सांसद विद्युत महतो की यह पहल न सिर्फ परिवार के लिए सहारा बनी बल्कि क्षेत्र के लिए भी एक सकारात्मक उदाहरण पेश कर गई।


