आदित्यपुर: लोक आस्था के महापर्व छठ के अवसर पर आदित्यपुर स्थित खरकई टीओपी नदी घाट के समीप झारखंड क्षत्रिय युवा संघ की ओर से छठ व्रतियों की सेवा के लिए विशेष शिविर लगाया गया। शिविर का उद्घाटन जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने फीता काटकर किया। इस दौरान छठ व्रतियों के बीच अर्घ्य के लिए नि:शुल्क दूध, अगरबत्ती, माचिस, दिया-बाती, फूल, दातुन सहित हवन और पूजन की आवश्यक सामग्री वितरित की गई।
READ MORE :JAMSHEDPUR NEWS :पूर्व सीएम चंपई सोरेन पहुंचे वार्ड 28 के छठ घाट, व्रतियों के बीच किया दूध का वितरण
शिविर में पहुंचे विधायक सरयू राय ने कहा कि उन्हें प्रत्येक वर्ष इस सेवा शिविर में शामिल होने का अवसर मिलता है। संघ की यह पहल छठ व्रतियों के लिए काफी सुविधाजनक है। उन्होंने छठ पर्व को प्रकृति और ऊर्जा की आराधना का अनुपम पर्व बताते हुए कहा कि इसमें किसी प्रकार के आडंबर की जगह श्रद्धा, अनुशासन और आस्था का विशेष महत्व है।
उन्होंने कहा कि डूबते और उगते सूर्य को अर्घ्य देना सनातन संस्कृति की निरंतरता और सामाजिक समरसता का प्रतीक है। छठ ऐसा पर्व है, जिसमें जाति, वर्ग और सामाजिक भेदभाव से ऊपर उठकर सभी लोग एक साथ पूजा-अर्चना करते हैं।
विधायक ने नई पीढ़ी को संदेश देते हुए कहा कि छठ और नवरात्रि जैसे पर्व आराधना एवं आंतरिक शक्ति बढ़ाने के अवसर हैं, जबकि होली और दीपावली उत्सव के पर्व हैं। समाज को पूजा और उत्सव के इस अंतर को समझते हुए अपनी सनातन संस्कृति और परंपराओं को संरक्षित करना चाहिए।
READ MORE :ADITYAPUR NEWS : मार्ग संख्या 12-14 में नवनिर्मित कृत्रिम छठ घाट का उद्घाटन, उपमहापौर ने काटा फीता
10 वर्षों से छठ व्रतियों की सेवा कर रहा संघ
झारखंड क्षत्रिय संघ के केंद्रीय अध्यक्ष शंभूनाथ सिंह ने बताया कि संघ पिछले 10 वर्षों से बड़े पैमाने पर छठ महाव्रतियों की सेवा करता आ रहा है। इस वर्ष भी शिविर में एक क्विंटल दूध के साथ पूजन की छोटी-बड़ी सभी आवश्यक सामग्रियों की व्यवस्था की गई है।
उन्होंने कहा कि छठ व्रतियों को 36 घंटे का कठिन निर्जला उपवास और कई कठोर नियमों का पालन करना पड़ता है। उनकी सुविधा और सहायता के उद्देश्य से संघ की युवा टीम पिछले 10 दिनों से शिविर की तैयारियों में जुटी हुई थी।
कई गणमान्य लोग रहे उपस्थित
इस अवसर पर आदित्यपुर नगर निगम के उपमहापौर अंकुर सिंह, संघ के संरक्षक नंद कुमार सिंह, कार्यकारी अध्यक्ष शिव शंकर सिंह, संरक्षक मंटू सिंह, सोना देवी यूनिवर्सिटी के चांसलर प्रभाकर सिंह, प्रमोद सिंह, देवी सिंह, डॉ. देवेंद्र सिंह, मनोज सिंह, दिनेश सिंह सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।

