
जमशेदपुर । मिथिला सांस्कृतिक परिषद द्वारा आयोजित द्वितीय विद्यापति स्मृति पर्व का दूसरा और समापन दिवस सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत महान मैथिली कवि विद्यापति की रचना भगवती वंदना “जय-जय भैरवी” से हुई, जिसे शंकर नाथ झा ने प्रस्तुत किया।
इसके बाद स्निग्धा झा ने विद्यापति के दो प्रसिद्ध गीतों की मधुर प्रस्तुति दी, जबकि भगवती गीत पर आधारित सामूहिक भाव नृत्य ने कार्यक्रम में भक्ति और सांस्कृतिक रंग भर दिया।
READ MORE :Jamshedpur News :द्वितीय विद्यापति स्मृति पर्व का भव्य आगाज, मैथिली प्रतिभाओं का सम्मान
दीप प्रज्वलन और अतिथियों का सम्मान
कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र में पंडित विपिन झा द्वारा स्वस्ति वाचन किया गया, जिसके बाद मंच पर उपस्थित अतिथियों ने दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में दीपिका पांडेय सिंह उपस्थित रहीं। उनके साथ पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता, सुधा गुप्ता, बिजय खान, आनंद बिहारी दुबे, रविंद्र झा नट्टू और बैंक ऑफ इंडिया के जोनल डायरेक्टर मनीष कुमार झा भी मंच पर मौजूद थे।
सभी अतिथियों को मिथिला की पारंपरिक पहचान पाग, शॉल और पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया गया।
READ MORE :Jamshedpur News :मिथिला सांस्कृतिक परिषद का द्वि-दिवसीय सांस्कृतिक महोत्सव 14-15 मार्च
मांग पत्र में उठाए गए अहम मुद्दे
महासचिव धर्मेश कुमार झा ने स्वागत भाषण दिया, जबकि अध्यक्ष मोहन ठाकुर ने अध्यक्षीय संबोधन किया। इसके बाद राजेश कुमार झा सिदगोड़ा ने परिषद की ओर से मांग पत्र पढ़ा।
मांग पत्र में झारखंड में मैथिली भाषा को नियोजन नीति में शामिल करने, राज्य में मैथिली अकादमी की स्थापना तथा मिथिला समाज के कई उपनामों (सरनेम) को सरकारी गजट में प्रकाशित करने की मांग की गई।
मुख्य अतिथि और अन्य जनप्रतिनिधियों ने आश्वासन दिया कि इन मांगों को सरकार तक पहुंचाकर समाधान का प्रयास किया जाएगा।
‘मिथिला गौरव सम्मान’ से विभूतियां सम्मानित
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले लोगों को “मिथिला गौरव सम्मान” से सम्मानित किया गया।
शिक्षा के क्षेत्र में अरुण कुमार, चार्टर्ड अकाउंटेंट सरोज कुमार झा, दीपक कुमार झा, प्रमोद सिंह, कौशलेंद्र दास और शिशिर मिश्रा को सम्मानित किया गया। वहीं चिकित्सा क्षेत्र में डॉ. अजय झा, डॉ. नकुल चौधरी और डॉ. ए.एन. झा को सम्मान दिया गया। इसके अलावा समाजसेवा के क्षेत्र में बिजय शंकर मिश्रा को भी सम्मानित किया गया।
सांस्कृतिक कार्यक्रम ने बांधा समां
कार्यक्रम के सांस्कृतिक सत्र में स्थानीय कलाकार मिथिलेश मिश्र, शंकर नाथ झा और पंकज झा ने अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया। इसके अलावा प्रसिद्ध मैथिली गायिका जूली झा, कुंज बिहारी मिश्र और विकास झा ने भी शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुति दी।
स्वयंसेवकों और सदस्यों का रहा योगदान
कार्यक्रम का मंच संचालन अशोक कुमार झा ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन रंजीत कुमार झा ने दिया। आयोजन को सफल बनाने में परिषद के अध्यक्ष मोहन ठाकुर, महासचिव धर्मेश कुमार झा सहित कई पदाधिकारियों और कार्यकारिणी सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
इसके अलावा समाज के नवयुवकों ने भी स्वयंसेवक बनकर कार्यक्रम को सफल बनाने में अहम भूमिका निभाई।




