
जमशेदपुर ।

जुबली पार्क में 21 जून 2026 की सुबह एक अद्भुत और ऊर्जावान नजारा देखने को मिला। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर ‘सिंहभूम चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री’ और ‘मॉर्निंग वॉकर्स फ्लाइंग डिस्क ग्रुप’ के संयुक्त तत्वावधान में एक विशाल योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जुबली पार्क स्थित जे.एन. टाटा स्टैच्यू के सामने सुबह 6:00 बजे से 7:30 बजे तक चले इस विशेष सत्र में शहर के सैकड़ों गणमान्य लोगों और आम नागरिकों ने हिस्सा लेकर ‘योग से निरोगी जीवन’ का संकल्प लिया।
रिद्धी मेहता ने सिखाए तनावमुक्त रहने के प्राणायाम
इस महा-अभ्यास सत्र में अंतर्राष्ट्रीय स्तर की प्रसिद्ध योग प्रशिक्षक रिद्धी मेहता ने मुख्य ट्रेनर की भूमिका निभाई। उन्होंने वहां मौजूद सैकड़ों प्रतिभागियों को सूर्य नमस्कार, ताड़ासन, त्रिकोणासन के साथ-साथ मानसिक शांति देने वाले विभिन्न जटिल योगासनों और प्राणायाम का सही तरीके से अभ्यास कराया। रिद्धी मेहता ने लोगों को समझाया कि कैसे रोज सुबह मात्र 30 मिनट का योगाभ्यास इंसान को गंभीर शारीरिक बीमारियों और डिप्रेशन से हमेशा के लिए दूर रख सकता है।
‘योग केवल कसरत नहीं, जीने की प्राचीन कला है’
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सिंहभूम चैम्बर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष मानव केडिया ने कहा कि आज की भागदौड़ भरी और तनावपूर्ण जीवनशैली में योग हर व्यक्ति के लिए एक ‘संजीवनी’ की तरह है। उन्होंने कहा, “योग केवल शरीर को फिट रखने का कोई साधारण साधन नहीं है, बल्कि यह मन को शांत, प्रसन्न और संतुलित रखने की प्राचीन भारतीय कला है। आज पूरा विश्व भारत की इस सांस्कृतिक धरोहर को अपना रहा है।” उन्होंने शहरवासियों से अपील की कि वे योग को ‘एक दिन का इवेंट’ न मानकर अपनी डेली रूटीन का हिस्सा बनाएं।
READ MORE :Jaipur Darbhanga Amrit Bharat Express :राजस्थान-बिहार के यात्रियों को महा-सौगात! जयपुर-दरभंगा ‘अमृत भारत एक्सप्रेस’ शुरू, खाटूश्याम जी के लिए नए स्टेशन का ऐलान
शहर के कई प्रबुद्ध नागरिक बने गवाह
डेढ़ घंटे तक चले इस योगाभ्यास में युवाओं से लेकर बुजुर्गों तक में गजब का उत्साह देखा गया। इस आयोजन में चैम्बर अध्यक्ष मानव केडिया के अलावा उपाध्यक्ष राजीव अग्रवाल (अधिवक्ता), उपाध्यक्ष हर्ष बाकरेवाल, पवन नरेडी, मुकेश मित्तल, प्रदीप अग्रवाल, मंटू अग्रवाल, बजरंग अग्रवाल और संतोख सिंह सक्रिय रहे।
वहीं, ‘मॉर्निंग वॉकर्स फ्लाइंग डिस्क ग्रुप’ की तरफ से भवानीशंकर गुप्ता, पवन अग्रवाल, दिलीप अग्रवाल, सुरेश अग्रवाल, संजय अग्रवाल, देवेंद्र सिंह, विशाल तिवारी, कमलेश अग्रवाल, नीना अग्रवाल और कमल अग्रवाल समेत भारी संख्या में शहर के मॉर्निंग वॉकर्स उपस्थित थे। कार्यक्रम का समापन शांति पाठ के साथ हुआ।

