
राजस्थान में रहने वाले बिहार और पूर्वांचल के लाखों प्रवासियों के लिए आज का दिन ऐतिहासिक साबित हुआ। जयपुर (खातीपुरा) से बिहार के दरभंगा के बीच नई ‘अमृत भारत एक्सप्रेस’ का शानदार शंखनाद हो चुका है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने जयपुर से इस नई ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसके साथ ही जयपुर के खातीपुरा में देश के पहले ‘मेगा कोचिंग टर्मिनल’ का भी उद्घाटन किया गया। इस खास मौके पर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी भी जुड़े।

सप्ताह में 6 दिन चलेगी ट्रेन, आसान होगा सफर
लंबे समय से राजस्थान से मिथिलांचल (बिहार) जाने वाले यात्रियों की भारी डिमांड थी। अब तक अजमेर से दरभंगा के लिए सिर्फ एक साप्ताहिक ट्रेन थी, लेकिन यह नई अमृत भारत एक्सप्रेस सप्ताह में छह दिन चलेगी। यह ट्रेन कम किराये में सुरक्षित और आरामदायक सफर देगी। इससे मजदूरी, व्यापार, और पढ़ाई के लिए दोनों राज्यों के बीच सफर करने वाले लाखों लोगों को सीधा फायदा पहुंचेगा।
खाटूश्याम जी के भक्तों को बड़ा तोहफा: बनेगा ‘सुंदरपुरा’ स्टेशन
इस कार्यक्रम में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने एक ऐसा ऐलान किया जिसने सोशल मीडिया पर तुरंत ट्रेंड पकड़ लिया। बाबा खाटूश्याम के दर्शन करने आने वाले करोड़ों श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए खाटू नगरी से मात्र 11 किलोमीटर दूर ‘सुंदरपुरा’ में एक नया रेलवे स्टेशन बनाया जाएगा। रेल मंत्री ने बताया कि बीकानेर से जयपुर आते वक्त उन्होंने खुद सुंदरपुरा में उतरकर वहां की भूमि को प्रणाम किया और इसके डिजाइन को फाइनल मंजूरी दी।
खातीपुरा बना देश का पहला ‘मेगा कोचिंग टर्मिनल’
भारतीय रेलवे के इतिहास में जयपुर के खातीपुरा स्टेशन ने एक बड़ा कीर्तिमान स्थापित किया है। यह 205 करोड़ रुपये की लागत से बना देश का पहला ‘मेगा कोचिंग टर्मिनल’ है, जिसे अगले 20 सालों की जरूरतों के हिसाब से डिजाइन किया गया है। यहां हर महीने 450 ट्रेनों (वंदे भारत, एलएचबी, डेमू) का मेंटेनेंस एक ही छत के नीचे हो सकेगा, जिससे मुख्य जयपुर जंक्शन का ट्रैफिक लोड खत्म हो जाएगा।
READ MORE :Indian Railways news :रेलवे का बड़ा फैसला, बिना टिकट पकड़े गए तो अब कटेगा दोगुना जुर्माना, गजट नोटिफिकेशन जारी
राजस्थान रेलवे को मिले 10 हजार करोड़
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन से राजस्थान में रेलवे का 100% विद्युतीकरण हो चुका है और 5 वंदे भारत ट्रेनें पटरियों पर दौड़ रही हैं। राज्य में पहली बार रेलवे विकास के लिए 10 हजार करोड़ रुपये का ऐतिहासिक बजट दिया गया है। वहीं, उप-मुख्यमंत्री दीया कुमारी ने मेवाड़-मारवाड़ को जोड़ने वाली मावली-देवगढ़ लाइन और पुष्कर-मेड़ता नई रेल लाइन के लिए केंद्र का आभार जताया।
इस दौरान उत्तर पश्चिम रेलवे (NWR) के 41 छोटे स्टेशनों पर नई यात्री सुविधाओं का भी शुभारंभ किया गया। मौके पर जयपुर सांसद मंजू शर्मा और दरभंगा सांसद गोपाल ठाकुर मौजूद रहे।



