
जमशेदपुर: शहर के सोनारी दुमुहानी के पास उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एलपीजी गैस से भरे एक टैंकर में अचानक गैस रिसाव शुरू हो गया। गनीमत यह रही कि टैंकर चालक की नजर समय रहते लीकेज पर पड़ गई, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
चालक की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई
चालक ने लीकेज देखते ही तत्काल वाहन को सड़क किनारे रोक दिया और इसकी सूचना तुरंत कंपनी प्रबंधन तथा पुलिस को दी। सूचना मिलते ही सोनारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और एहतियातन सड़क के दोनों ओर वाहनों की आवाजाही रोक दी। कुछ ही देर में एलपीजी कंपनी के अधिकारी और तकनीकी टीम भी घटनास्थल पर पहुंच गई और गैस रिसाव को नियंत्रित कर स्थिति को पूरी तरह सुरक्षित बनाया।
सोनारी थाना के पदाधिकारी ने बताया कि यदि गैस रिसाव के दौरान किसी वाहन से निकली चिंगारी टैंकर के संपर्क में आ जाती, तो एक भीषण दुर्घटना हो सकती थी। हालांकि, चालक की सतर्कता और पुलिस की त्वरित कार्रवाई से संभावित खतरा टल गया। स्थिति पूरी तरह सामान्य होने के बाद टैंकर को सुरक्षित रूप से कंपनी परिसर के लिए रवाना कर दिया गया।

