जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिले में कुष्ठ रोग की समय पर पहचान और उपचार सुनिश्चित करने के लिए 9 दिसंबर से 23 दिसंबर 2026 तक कुष्ठ रोगी खोज अभियान (एलसीडीसी) चलाया जाएगा। इस दौरान सहिया और पुरुष वालंटियर घर-घर जाकर लोगों की शारीरिक जांच करेंगे। संदिग्ध मरीजों को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले जाकर चिकित्सकीय जांच और रोग की पुष्टि कराई जाएगी।
सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल के निर्देश पर मंगलवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, जुगसलाई में ‘मेरी दोस्ती तुमसे अभियान’ के तहत कुष्ठ रोग जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिला कुष्ठ निवारण पदाधिकारी सह प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. मृत्युंजय धावड़िया ने अभियान की जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि कुष्ठ रोग की शुरुआती अवस्था में पहचान कर इलाज शुरू करने से इससे होने वाली दिव्यांगता से बचा जा सकता है। अभियान का उद्देश्य घर-घर तक पहुंचकर संभावित मरीजों की पहचान करना और उन्हें समय पर उपचार उपलब्ध कराना है।
READ MORE :ADITYAPUR NEWS: 350 छठ व्रतियों के बीच गेहूं, गुड़, सूप और नारियल का वितरण, 10 वर्षों से जारी है सेवा
शरीर पर दाग और सुन्नपन को न करें नजरअंदाज
जिला कुष्ठ परामर्शी डॉ. राजीव लोचन महतो ने बताया कि शरीर पर किसी भी प्रकार का दाग हो और उस स्थान पर निश्चित रूप से सुन्नपन महसूस हो, तो यह कुष्ठ रोग का संकेत हो सकता है। ऐसी स्थिति में बिना देर किए चिकित्सक से परामर्श लेना चाहिए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि कुष्ठ रोग न तो अभिशाप है और न ही पिछले जन्म का पाप। यह बैक्टीरिया से होने वाला रोग है और सभी सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों में इसका इलाज नि:शुल्क उपलब्ध है। उन्होंने कुष्ठ रोग के प्रमुख लक्षणों, प्रकार, उपचार और इससे होने वाली दिव्यांगता के बारे में भी जानकारी दी।
READ MORE :ADITYAPUR NEWS: छठ घाट जाने वाले रास्ते पर सफाई के नाम पर खानापूर्ति, भाजपा नेता सतीश शर्मा ने नगर निगम को घेरा
सेल्फ केयर और रिकंस्ट्रक्टिव सर्जरी पर जानकारी
कार्यक्रम में डेमियन फाउंडेशन के दुर्योधन बागती ने कुष्ठ प्रभावित लोगों के लिए सेल्फ केयर के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि रिकंस्ट्रक्टिव सर्जरी के माध्यम से कुष्ठ रोग के कारण उत्पन्न कुछ प्रकार की शारीरिक दिव्यांगता को ठीक करने में मदद मिल सकती है। उन्होंने सहियाओं को कुष्ठ विभाग की ओर से मिलने वाली प्रोत्साहन राशि की जानकारी भी दी।
कार्यक्रम को सफल बनाने में प्रखंड लेखा प्रबंधक श्यामा प्रसाद महापात्र, एपिडेमियोलॉजिस्ट, पीएमडब्ल्यू संगीता चाकी, डेमियन फाउंडेशन के दुर्योधन बागती और बीटीटी खोखन पासरो का योगदान रहा।

