आदित्यपुर: छठ महापर्व से पहले आदित्यपुर नगर निगम की सफाई व्यवस्था को लेकर विवाद गहराने लगा है। भाजपा जिला मंत्री सतीश शर्मा ने वार्ड संख्या-28 के रोड नंबर-7 स्थित छठ घाट जाने वाले मुख्य रास्ते पर कचरे की डंपिंग को लेकर नगर निगम प्रशासन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि सफाई के नाम पर केवल खानापूर्ति की जा रही है। कचरा हटाने के बजाय उसका दायरा बढ़ाया जा रहा है और मिट्टी डालकर गंदगी छिपाने का प्रयास किया जा रहा है।
READ MORE :ADITYAPUR NEWS: छठ घाट जाने वाले रास्ते पर सफाई के नाम पर खानापूर्ति, भाजपा नेता सतीश शर्मा ने नगर निगम को घेरा
दो दिन के अल्टीमेटम के बाद शुरू हुआ सफाई अभियान
सतीश शर्मा ने कहा कि भाजपा की ओर से इस समस्या को प्रमुखता से उठाने और नगर निगम प्रशासन को दो दिनों का अल्टीमेटम दिए जाने के बाद सफाई अभियान शुरू किया गया है। हालांकि, उनका आरोप है कि कचरे का समुचित उठाव करने के बजाय उसे इधर-उधर फैलाया जा रहा है।
उन्होंने आशंका जताई कि कचरे के ऊपर मिट्टी डालकर गंदगी को छिपाने की कोशिश की जा सकती है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि ऐसी कार्रवाई को सफाई नहीं, बल्कि लोगों को गुमराह करने का प्रयास माना जाएगा।
हजारों छठ व्रतियों के आवागमन पर संकट
भाजपा नेता ने कहा कि छठ महापर्व करोड़ों लोगों की आस्था और पवित्रता से जुड़ा है। रोड नंबर-7 से प्रतिवर्ष हजारों छठ व्रती और श्रद्धालु नदी घाट तक पहुंचते हैं। ऐसे महत्वपूर्ण रास्ते पर कचरे की डंपिंग से श्रद्धालुओं को परेशानी हो सकती है।
उन्होंने कहा कि कचरे से निकलने वाली दुर्गंध के कारण आसपास के लोगों का रहना भी मुश्किल हो गया है। नगर निगम की यह कार्यशैली उसकी लापरवाही और गैरजिम्मेदाराना रवैये को दर्शाती है।
READ MORE :RAILWAY NEWS: भोपाल, ग्वालियर, कोटा और राजस्थान से बिहार-झारखंड के लिए 11 जोड़ी स्पेशल ट्रेनें, देखें पूरी लिस्ट
डीसी के संभावित दौरे पर भाजपा उठाएगी मामला
सतीश शर्मा ने नगर निगम प्रशासन से छठ घाट जाने वाले रास्ते से कचरे का पूरी तरह उठाव कराने और पूरे क्षेत्र में युद्धस्तर पर सफाई अभियान चलाने की मांग की है।
उन्होंने बताया कि अगले दिन जिला उपायुक्त के संभावित दौरे के दौरान भाजपा कार्यकर्ता नगर निगम आयुक्त की कार्यशैली और सफाई व्यवस्था की वास्तविक स्थिति से उन्हें अवगत कराएंगे।
सतीश शर्मा ने दो टूक कहा कि छठ व्रतियों की आस्था और श्रद्धालुओं की सुविधा के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नगर निगम प्रशासन को दिखावटी सफाई के बजाय धरातल पर ठोस कार्रवाई करनी चाहिए।

