
जिला निर्वाचन पदाधिकारी राजीव रंजन ने दिए निर्देश
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी-सह-सचिव, मंत्रिमंडल (निर्वाचन) विभाग, झारखंड से मिले निर्देशों के आलोक में पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन के निर्देशानुसार, पूर्वी सिंहभूम जिले के सभी 6 विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के मतदान केंद्रों पर आगामी 23 मई 2026 (शनिवार) को Un-Mapped Elector (गैर-मैप किए गए मतदाता) की सूची प्रकाशित की जाएगी। यह पूरी कवायद मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्यक्रम के तहत की जा रही है, ताकि कोई भी योग्य मतदाता अपने अधिकार से वंचित न रहे।
इन 06 विधानसभा क्षेत्रों के मतदान केंद्रों पर मिलेगी सूची
जिला प्रशासन की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, पूर्वी सिंहभूम जिले के अंतर्गत आने वाले सभी छह विधानसभा क्षेत्रों के बूथों पर यह सूची उपलब्ध कराई जाएगी। मतदाता अपने संबंधित क्षेत्रों में जाकर इसकी जांच कर सकते हैं। इन विधानसभा क्षेत्रों में शामिल हैं:
44-बहरागोड़ा
45-घाटशिला (अ.ज.जा.)
46-पोटका (अ.ज.जा.)
47-जुगसलाई (अ.जा.)
48-जमशेदपुर पूर्व
49-जमशेदपुर पश्चिम
SIR 2003 से नाम मैप नहीं होने वाले मतदाता तुरंत करें सुधार
बता दें कि इस विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision) के क्रम में अब तक जिन मतदाताओं का नाम पिछले SIR (2003) की मतदाता सूची से मैप नहीं हो पाया है, उन्हें इस सूची में रखा गया है। ऐसे सभी नागरिक 23 मई को अपने संबंधित पोलिंग बूथ पर पहुंचकर Un-Mapped Elector List में अपना नाम चेक कर सकते हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह व्यवस्था शनिवार को केवल कार्यालय अवधि (Office Hours) तक ही उपलब्ध रहेगी। इसके बाद किसी भी दावे पर विचार करना मुश्किल होगा।
बूथ पर मुस्तैद रहेंगे BLO, प्रशासन ने की यह अपील
निर्धारित तिथि (23 मई) को जिले के सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (ERO) और सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (AERO) अपने-अपने क्षेत्रों के मतदान केंद्रों पर इस सूची का आधिकारिक प्रकाशन करेंगे। इसके साथ ही, सभी संबंधित बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) इस सूची के साथ अपने-अपने मतदान केंद्रों पर अनिवार्य रूप से उपस्थित रहेंगे।
जिला प्रशासन ने सभी आम नागरिकों और मतदाताओं से अपील की है कि यदि उनका नाम पूर्व की वोटर लिस्ट से मैप नहीं हुआ है, तो वे शनिवार को समय निकालकर अपने मतदान केंद्र पर जरूर पहुंचें। सूची में अपना नाम जांचें और मौके पर मौजूद बीएलओ से संपर्क कर मैपिंग की आवश्यक प्रक्रिया को तुरंत पूरा कराएं ताकि भविष्य में मतदान करने में कोई परेशानी न हो।


