
जमशेदपुर।

झारखंड की लौहनगरी जमशेदपुर के धातकीडीह स्थित बीएच एरिया रोड नंबर-5 के इमामबाड़ा में 9वीं मुहर्रम अकीदत, अदब और एहतराम के साथ मनाई गई। ज़ोहर की नमाज़ के बाद नवासा-ए-रसूल हज़रत इमाम हुसैन और कर्बला के 72 शहीदों की महान कुर्बानी को याद करते हुए बड़ी तादाद में अकीदतमंद इमामबाड़ा पहुंचे। फातेहा ख़्वानी के बाद मुल्क में अमन-चैन, सलामती और आपसी भाईचारे के लिए खुसूसी दुआएं मांगी गईं। इस दौरान अकीदतमंदों ने अपने घरों से लाई गई शीरीनी की नियाज़ पेश की, जिसे दुआ के बाद लोगों में तकसीम किया गया।
देर रात तक जारी रहा इबादत और दुआओं का दौर
मुहर्रम की 9वीं और 10वीं तारीख को लेकर सुबह से ही इमामबाड़ा परिसर में रूहानी माहौल बना रहा। दिनभर अकीदतमंदों के आने का सिलसिला चलता रहा। लोगों ने नम आंखों से ‘ग़म-ए-हुसैन’ में शरीक होकर शहीदे आजम को खिराज-ए-अकीदत पेश की। इस मौके पर भव्य लंगर का भी एहतमाम किया गया था, जिसमें सभी वर्गों के लोगों ने शिरकत कर तबर्रुक (प्रसाद) ग्रहण किया। इबादत, ज़िक्र और मजलिसों का यह सिलसिला देर रात तक चलता रहा।
चांद की पांचवीं तारीख को ही सज जाता है इमामबाड़ा
अखाड़ा कमेटी के सदर मोहम्मद शमीम, नायब सदर मेराज खान और सेक्रेटरी मोहम्मद शारीक ने बताया कि मुहर्रम का चांद नजर आते ही इमामबाड़ा की साफ-सफाई और रंग-रोगन का काम शुरू कर दिया जाता है। चांद की पांचवीं तारीख को फातेहा के साथ इमामबाड़ा को पूरी तरह सजा दिया जाता है। इस पूरे आयोजन में बीएच एरिया के स्थानीय युवा और बुजुर्ग साम्प्रदायिक सौहार्द का परिचय देते हुए बढ़-चढ़कर अपनी जिम्मेदारी निभाते हैं।
READ MORE :JAMSHEDPUR NEWS: जमशेदपुर की बेटी इवाना वरुण की तमिल फिल्म ‘ANDHARAN’ सिनेमाघरों में हुई रिलीज; सस्पेंस-थ्रिलर में प्राजिन के साथ मचा रहीं धमाल
आज 10वीं मुहर्रम को कर्बला जाएगा ‘निशान’
कमेटी के सदर मोहम्मद शमीम ने बताया कि इस वर्ष भी मुहर्रम पूरी सादगी और एहतराम के साथ मनाया जा रहा है। 10वीं मुहर्रम (यौम-ए-आशूरा) के दिन रिवायती रस्म के मुताबिक ‘निशान’ को जुलूस की शक्ल में स्थानीय कर्बला ले जाकर ठंडा किया जाएगा। उन्होंने बताया कि टाटा स्टील का कंपनी क्षेत्र होने के बावजूद यहां दशकों से मुहर्रम का पर्व आपसी यकजहती, गंगा-जमुनी तहजीब और शांतिपूर्ण माहौल में मनाने की गौरवशाली परंपरा रही है।


