
गम्हरिया।

झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले के औद्योगिक क्षेत्र गम्हरिया में मानवता की सेवा का एक अनूठा और प्रेरणादायक उदाहरण देखने को मिला। ‘रक्तदान-जीवनदान’ के पवित्र महामंत्र को चरितार्थ करते हुए शुक्रवार को टाटा स्टील गम्हरिया प्लांट में एक भव्य स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। टाटा स्टील फाउंडेशन (TSF), गम्हरिया और जमशेदपुर ब्लड बैंक के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस शिविर में कंपनी के अधिकारियों, कर्मचारियों और स्थानीय समुदाय के लोगों ने भारी उत्साह दिखाते हुए कुल 108 यूनिट रक्त का दान किया।
शिविर में खुश्बू बनीं एकमात्र महिला रक्तदाता
इस महादान शिविर में जहां एक तरफ पुरुष कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर अपनी भागीदारी सुनिश्चित की, वहीं नारी शक्ति का प्रतिनिधित्व करते हुए खुश्बू शिविर की एकमात्र महिला रक्तदाता बनीं। उनका यह साहसिक कदम समाज की अन्य महिलाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बना। आयोजकों ने बताया कि दुर्घटनाओं, सर्जरी या थैलेसीमिया और कैंसर जैसे गंभीर रोगों से जूझ रहे मरीजों के लिए रक्त की जरूरत किसी भी पल पड़ सकती है। विज्ञान के इस युग में भी कृत्रिम रूप से रक्त का निर्माण संभव नहीं है, ऐसे में किसी स्वस्थ इंसान द्वारा किया गया स्वैच्छिक रक्तदान ही दूसरे इंसान की जिंदगी बचाने का एकमात्र विकल्प है।
कड़ी चिकित्सकीय जांच के बाद ही लिया गया ब्लड
शिविर के दौरान सुरक्षा और स्वच्छता के विश्वस्तरीय मानकों का पालन किया गया। जमशेदपुर ब्लड बैंक से आई विशेषज्ञ चिकित्सकों और तकनीशियनों की टीम ने सबसे पहले प्रत्येक संभावित रक्तदाता का हीमोग्लोबिन, ब्लड प्रेशर, वजन और सामान्य स्वास्थ्य की गहन जांच की। पूरी तरह फिट पाए जाने के बाद ही डोनर्स से रक्त संग्रह किया गया। रक्तदान प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद सभी रक्तदाताओं के शरीर में ऊर्जा बनाए रखने के लिए पौष्टिक जलपान की भी समुचित व्यवस्था की गई थी।
READ MORE :GAMHARIA NEWS: काण्ड्रा में गूंजा ‘सर्वे भवन्तु सुखिनः’ का महामंत्र, एक कुंडीय गायत्री महायज्ञ से हुई लोकमंगल की कामना
मुकेश कुमार के नेतृत्व में टीएसएफ टीम रही मुस्तैद
इस पूरे आयोजन को सफल बनाने में टाटा स्टील फाउंडेशन की टीम ने मुस्तैदी से अपनी भूमिका निभाई। टीएसएफ के मुकेश कुमार के कुशल नेतृत्व में अजीत, भूदेव नायक, सुमित कुंवर, श्याम नारायण और बबली टुडू के साथ-साथ टाटा स्टील की कॉरपोरेट कम्युनिकेशन टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा। शिविर के समापन पर जमशेदपुर ब्लड बैंक और टीएसएफ प्रबंधन ने सभी 108 रक्तदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए क्षेत्र के युवाओं से नियमित रूप से हर 3 महीने में एक बार इस महादान में शामिल होने की अपील की।



