
जमशेदपुर: झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के केंद्रीय प्रवक्ता कुणाल षाड़ंगी ने JPSC को लेकर हो रहे विरोध प्रदर्शनों पर विपक्ष पर निशाना साधते हुए इसे “राजनीतिक नौटंकी” बताया। बिष्टुपुर स्थित अपने आवास पर बिहार झारखंड न्यूज नेटवर्क (BJNN) से विशेष बातचीत में उन्होंने कहा कि विपक्ष छात्र हित के नाम पर राजनीति कर रहा है, जबकि राज्य सरकार युवाओं के भविष्य को लेकर गंभीरता से काम कर रही है।


साथ ही उन्होंने NEET पेपर लीक मामले को लेकर केंद्र सरकार पर भी तीखा हमला बोला और कहा कि इतने बड़े विवाद के बावजूद जवाबदेही तय नहीं की गई।
JPSC आंदोलन पर विपक्ष को घेरा
कुणाल षाड़ंगी ने कहा कि JPSC के मुद्दे पर विपक्ष द्वारा किए जा रहे प्रदर्शन और घेराव राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश है। उन्होंने कहा कि झारखंड की जनता छात्र हित के नाम पर बहाए जा रहे “घड़ियाली आंसुओं” को अच्छी तरह समझती है।
उन्होंने दावा किया कि राज्य सरकार JPSC से जुड़े मामलों पर पूरी तरह सतर्क है और यदि किसी भी स्तर पर अनियमितता सामने आती है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाती है।
NEET पेपर लीक पर केंद्र सरकार से जवाब मांगा
JMM प्रवक्ता ने NEET पेपर लीक मामले का उल्लेख करते हुए केंद्र सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि देशभर में छात्रों और अभिभावकों के बीच चिंता का माहौल रहा, लेकिन अब तक किसी मंत्री ने नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा नहीं दिया।
उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री की कार्यशैली की आलोचना करते हुए कहा कि लगातार पेपर लीक जैसी घटनाएं सामने आने के बावजूद प्रभावी जवाबदेही तय नहीं हुई है।
READ MORE :CHAIBASA NEWS: कोल्हान विश्वविद्यालय का चांसलर पोर्टल 20 जुलाई से खुलेगा, स्नातक नामांकन की तिथियां जारी
सरकारी नियुक्तियों का किया उल्लेख
कुणाल षाड़ंगी ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में राज्य सरकार विभिन्न विभागों में लंबित नियुक्ति प्रक्रियाओं को आगे बढ़ा रही है। उनके अनुसार शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य विभागों में नियुक्तियों की प्रक्रिया तेज हुई है और आगे भी जारी रहेगी।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को रोजगार के अधिक अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
युवाओं से तैयारी पर ध्यान देने की अपील
कुणाल षाड़ंगी ने राज्य के युवाओं से अपील की कि वे किसी भी राजनीतिक एजेंडे का हिस्सा बनने के बजाय अपनी पढ़ाई और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी पर ध्यान दें। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार आने वाले समय में नई नियुक्ति प्रक्रियाएं शुरू करने की दिशा में काम कर रही है और युवाओं को इन अवसरों का लाभ उठाने के लिए तैयार रहना चाहिए।


