
जमशेदपुर। ललित नारायण मिश्र सांस्कृतिक एवं सामाजिक कल्याण समिति, जमशेदपुर की वार्षिक आमसभा रविवार को मिथिला भवन परिसर में सफलतापूर्वक संपन्न हुई। दो सत्रों में आयोजित इस महत्वपूर्ण बैठक के दौरान संस्था के 194 आजीवन सदस्यों ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराकर समाज के प्रति अपनी एकजुटता और प्रतिबद्धता दिखाई। आमसभा के दूसरे सत्र में वर्ष 2026-2029 के लिए नई कार्यकारिणी का निर्विरोध गठन किया गया। नई टीम में जय चंद्र झा को अध्यक्ष, अशोक झा पंकज को महासचिव और विक्रम आदित्य सिंह को कोषाध्यक्ष की अहम जिम्मेदारी सौंपी गई है।


वैदिक मंत्रोच्चार के साथ आमसभा का शुभारंभ
कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ वैदिक परंपरा के अनुसार पंडित विपिन झा के स्वस्ति वाचन और सामूहिक दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद डेजी ठाकुर द्वारा प्रस्तुत भगवती वंदना से पूरा सभागार गुंजायमान हो गया। निवास झा ने अपने स्वागत भाषण में समिति की निरंतर प्रगति में सभी सदस्यों के सक्रिय योगदान की सराहना की। इसके बाद निवर्तमान महासचिव शंकर पाठक ने बीते कार्यकाल का विस्तृत वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया, जिसमें जनकल्याणकारी, सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यों का विस्तार से ब्यौरा दिया गया।
वित्तीय पारदर्शिता की सदस्यों ने की भरपूर सराहना
कार्यक्रम के अगले चरण में निवर्तमान कोषाध्यक्ष बैजू मिश्र ने वित्तीय वर्ष का सटीक आय-व्यय विवरण पेश किया। सुव्यवस्थित लेखा-प्रबंधन देखकर उपस्थित सदस्यों ने वित्तीय पारदर्शिता की जमकर सराहना की। इसी सत्र में विक्रम आदित्य सिंह ने सदन के समक्ष कई महत्वपूर्ण सामाजिक प्रस्ताव रखे, जिन पर विस्तृत चर्चा के बाद सर्वसम्मति से मुहर लगी। अध्यक्षीय उद्बोधन में कहा गया कि समर्पित सदस्य ही इस संस्था की सबसे बड़ी ताकत हैं और सबके सहयोग से मैथिली भाषा व संस्कृति का संरक्षण किया जाएगा। राजीव ठाकुर के धन्यवाद ज्ञापन से पहले सत्र का समापन हुआ।
शांतिपूर्ण तरीके से हुआ नई कार्यकारिणी का चुनाव
आमसभा के द्वितीय सत्र में चुनाव पर्यवेक्षक जीवछ झा, नवकांत झा और विपिन कुमार झा की देखरेख में नई कार्यकारिणी का चुनाव पूरी तरह से शांतिपूर्ण, पारदर्शी और लोकतांत्रिक वातावरण में संपन्न हुआ। सभी प्रमुख पदों पर पदाधिकारियों का चयन सर्वसम्मति से किया गया।
READ MORE :Bihar Railway News :रेलवे का बड़ा फैसला, बेंगलूरु, चर्लपल्ली और देवघर जाने वाले यात्रियों को मिलेगी अतिरिक्त सुविधा
कार्यकारिणी के अन्य पदाधिकारी और सदस्य
इस नई टीम में अरुण कुमार झा, सरोज कांत झा, शैलेन्द्र झा और अश्विनी ठाकुर को उपाध्यक्ष, मनोज कुमार झा को उपमहासचिव, सरोज कुमार झा को उपकोषाध्यक्ष, गोपाल झा को कार्यालय सचिव, जय प्रकाश झा और संजीव कुमार झा को सहायक सचिव, अजय झा को संगठन सचिव, बिस्वजीत झा मन्नू को प्रचार सचिव तथा सुभाष चन्द्र झा को आंतरिक अंकेक्षक चुना गया है।
इसके अतिरिक्त, कार्यकारिणी सदस्यों में राजीव ठाकुर, निरंजन झा, दिगेश मिश्र, जितेंद्र ठाकुर, लड्डू मिश्र, शंकर पाठक, धनंजय सिंह, ममता झा, चंदन मिश्र, पुण्य नाथ झा, मोहन झा, विनय कुमार चौधरी, रणधीर मिश्रा, पशुपति झा, ललन चौधरी और राकेश कुमार ‘उगन’ को शामिल किया गया है।


