
चाईबासा। कोल्हान विश्वविद्यालय में उच्च शिक्षा प्राप्त करने के इच्छुक विद्यार्थियों के लिए एक महत्वपूर्ण और राहत भरी खबर है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने स्नातक कार्यक्रम (FYUGP) सत्र 2026–30 और स्नातक वोकेशनल कार्यक्रम सत्र 2026–29 के प्रथम सेमेस्टर में नामांकन के लिए चांसलर पोर्टल 20 जुलाई 2026 से खोलने की आधिकारिक घोषणा कर दी है। इसके साथ ही प्रवेश प्रक्रिया को लेकर छात्रों का इंतजार खत्म हो गया है। इच्छुक और योग्य अभ्यर्थी 20 जुलाई को दोपहर 12:00 बजे से 26 जुलाई 2026 की शाम 5:00 बजे तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।


READ MORE :JAMSHEDPUR NEWS: गालूडीह में ओएचई तार टूटने से स्टील एक्सप्रेस बाधित, आधे घंटे बाद परिचालन सामान्य
28 जुलाई को जारी होगी मेरिट सूची, 3 अगस्त से कक्षाएं
विश्वविद्यालय द्वारा जारी आधिकारिक अधिसूचना के अनुसार, प्राप्त आवेदनों के आधार पर मेरिट सूची का प्रकाशन 28 जुलाई 2026 को किया जाएगा। यह सूची संबंधित महाविद्यालयों की वेबसाइट और नोटिस बोर्ड पर उपलब्ध होगी। चयनित विद्यार्थियों की नामांकन प्रक्रिया 28 जुलाई से 1 अगस्त 2026 तक चलेगी। सभी प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद नए सत्र की कक्षाओं का विधिवत संचालन 3 अगस्त 2026 से प्रारंभ कर दिया जाएगा।
आवेदन शुल्क ₹25, APAAR और ABC ID किया गया अनिवार्य
ऑनलाइन आवेदन के लिए प्रति विषय मात्र ₹25 शुल्क निर्धारित किया गया है और आवेदन केवल चांसलर पोर्टल के माध्यम से ही स्वीकार किए जाएंगे। इस वर्ष से विश्वविद्यालय ने सभी अभ्यर्थियों के लिए APAAR ID और ABC ID अनिवार्य कर दिया है। छात्रों को सलाह दी गई है कि वे आवेदन से पूर्व DigiLocker के माध्यम से अपनी APAAR और ABC ID अवश्य बनवा लें। इसके अतिरिक्त, इस सत्र से बॉटनी (Botany) और जूलॉजी (Zoology) के स्थान पर लाइफ साइंस (Life Science) विषय का विकल्प उपलब्ध कराया गया है।
READ MORE :Ranchi NEWS: संथाली फिल्म ‘आंगेन’ के लिए रवि राज मुर्मू को राष्ट्रीय पुरस्कार, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने दी बधाई
NEP-2020 के तहत कई विषयों में आवेदन की सुविधा
राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP-2020) के प्रावधानों के अनुरूप विद्यार्थियों को एक से अधिक विषयों में आवेदन करने का विशेष विकल्प दिया गया है। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि सीमित सीटों के कारण कोई भी मेधावी विद्यार्थी नामांकन से वंचित न रहे। आरक्षित वर्ग (SC, ST, OBC, EWS) के अभ्यर्थियों को राज्य सरकार के नियमानुसार आवश्यक जाति, आवासीय और आय प्रमाण-पत्र प्रस्तुत करना होगा। छात्रों को आवेदन पत्र में सभी जानकारियां सावधानीपूर्वक भरने का निर्देश दिया गया है।
पारदर्शी और छात्र-केंद्रित प्रवेश प्रक्रिया पर जोर
कुलपति अंजिला गुप्ता ने स्पष्ट किया है कि कोल्हान विश्वविद्यालय विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी और पूरी तरह से छात्र-केंद्रित प्रवेश प्रक्रिया उपलब्ध कराने के लिए कटिबद्ध है। उन्होंने सभी अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे निर्धारित समय-सीमा के भीतर चांसलर पोर्टल पर अपना आवेदन पूर्ण करें और दस्तावेज अपलोड करते समय विशेष सावधानी बरतें, ताकि नामांकन प्रक्रिया बिना किसी बाधा के समयबद्ध रूप से संपन्न हो सके। गलत जानकारी पाए जाने पर नामांकन रद्द किया जा सकता है।


