
जमशेदपुर: लौहनगरी के प्रतिष्ठित आस्था ग्रुप के आवासीय प्रोजेक्ट “आस्था मैजेस्टिक” परिसर में बुधवार को भक्ति और उत्साह का माहौल रहा। सोसायटी परिसर में नवनिर्मित मंदिर की प्राण-प्रतिष्ठा एवं उद्घाटन पूजा-अर्चना का आयोजन बेहद श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ।

इस मांगलिक अवसर पर आस्था ग्रुप के संस्थापक कौशल कुमार सिंह एवं उनकी धर्मपत्नी श्रीमती कामिनी कौशल ने मुख्य यजमान के रूप में शिरकत की। विद्वान पंडितों द्वारा किए गए पवित्र वैदिक मंत्रोच्चार के बीच सभी देवी-देवताओं की मूर्तियों का विधि-विधान से जलाधिवास, अन्नाधिवास कराकर मंदिर में प्राण-प्रतिष्ठा अनुष्ठान पूरा किया गया।
श्रद्धालुओं का उमड़ा हुजूम, बंटा महाप्रसाद
इस भव्य धार्मिक समारोह में आस्था मैजेस्टिक परियोजना के सैकड़ों निवासी, शहर के गणमान्य अतिथि, आस्था ग्रुप के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कर्मचारी उपस्थित हुए।
सुबह से ही पूरा परिसर शंखध्वनि और भजनों से गुंजायमान रहा।
मुख्य पूजा और आरती के बाद उपस्थित सभी श्रद्धालुओं और अतिथियों के बीच महाप्रसाद का वितरण किया गया।
परिसर के निवासियों ने मंदिर की स्थापना पर खुशी जाहिर की और इस पहल के लिए आस्था ग्रुप का आभार जताया।
संस्थापक कौशल कुमार सिंह का संदेश: “यह मंदिर केवल हमारी आस्था और पूजा-पाठ का केंद्र नहीं है, बल्कि यह इस पूरी आवासीय सोसायटी में आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक एकता का एक मजबूत प्रतीक बनेगा। मंदिर परिसर लोगों को सकारात्मक ऊर्जा देने के साथ-साथ आपसी भाईचारे को और प्रगाढ़ करेगा।”
समारोह के समापन पर उपस्थित सभी लोगों ने सामूहिक आरती में भाग लिया और आस्था मैजेस्टिक परियोजना के साथ-साथ पूरे शहर की सुख, समृद्धि और उज्ज्वल भविष्य की मंगल कामना की।


