
JAMSHEDPUR
पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन ने सामाजिक सुरक्षा योजनाओं को लेकर एक बड़ा कदम उठाया है। जिले के भीतर विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के पात्र लाभार्थियों को प्रत्यक्ष लाभ अंतरण यानी डीबीटी (DBT) के माध्यम से सम्मान राशि और पेंशन का भुगतान सीधे उनके बैंक खातों में कर दिया गया है। जिला प्रशासन का कहना है कि सभी योजनाओं की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है ताकि कोई भी गरीब और जरूरतमंद इस लाभ से वंचित न रहे।

मंईयां सम्मान योजना: 2.85 लाख से अधिक महिलाओं को मिला लाभ
झारखंड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत पूर्वी सिंहभूम जिले में महिलाओं को बड़ी राहत मिली है। जिले की 2,85,571 महिला लाभार्थियों के बैंक खातों में मई महीने तक की सम्मान राशि डीबीटी के माध्यम से सफलतापूर्वक ट्रांसफर कर दी गई है। जिला प्रशासन ने साफ किया है कि जून महीने की सम्मान राशि भुगतान करने की प्रक्रिया भी काफी तेजी से चल रही है। बहुत जल्द जून महीने का पैसा भी लाभार्थियों के खातों में भेज दिया जाएगा।
READ MORE..Jamshedpur News:चर्चित हिमांशु सिंह हत्याकांड में बड़ी कार्रवाई: बार मैनेजर समेत 4 और गिरफ्तार
सर्वजन पेंशन योजना: 2.48 लाख से ज्यादा लाभार्थी हुए लाभान्वित
जिले में सर्वजन पेंशन योजना का लाभ भी बड़े पैमाने पर लोगों को मिल रहा है। इस योजना के तहत कुल 2,48,123 लाभार्थियों को मई माह तक की पेंशन राशि का भुगतान कर दिया गया है। जून महीने की पेंशन ट्रांसफर करने की कागजी और तकनीकी प्रक्रिया प्रगति पर है।
अगर आंकड़ों को विस्तार से समझें तो सर्वजन पेंशन योजना के तहत लाभ पाने वालों में
राज्य सामाजिक सुरक्षा वृद्धावस्था पेंशन योजना 1,76,006 लाभार्थी
राज्य विधवा सम्मान पेंशन योजना 46,936 लाभार्थी
स्वामी विवेकानंद नि:शक्त स्वावलंबन प्रोत्साहन योजना 18,279 लाभार्थी
आदिम जनजाति पेंशन योजना 6,067 लाभार्थी
इंटरनली डिस्प्लेस्ड पेंशन स्कीम 828 लाभार्थी
थर्ड जेंडर पेंशन योजना 7 लाभार्थी
केंद्र प्रायोजित योजनाएं आवंटन मिलते ही बंटेगा बकाया पैसा
केंद्र सरकार द्वारा प्रायोजित पेंशन योजनाओं के तहत पूर्वी सिंहभूम जिले के कुल 44,002 लाभार्थियों को मार्च महीने तक की पेंशन राशि का भुगतान किया जा चुका है। इसमें इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन के 35,625, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय विधवा पेंशन के 7,853 और इंदिरा गांधी राष्ट्रीय दिव्यांगता पेंशन के 524 लाभार्थी शामिल हैं।
READ MORE..Seraikela Kharsawan News :हाइवा और ट्रेलर की आमने-सामने भिड़ंत के बाद लगी भीषण आग, दो ड्राइवरों की दर्दनाक मौत!
सामाजिक सुरक्षा कोषांग ने आधिकारिक जानकारी देते हुए बताया कि केंद्र प्रायोजित योजनाओं के तहत आगे के महीनों की पेंशन राशि के लिए अभी बजट आवंटन मिलना बाकी है। जैसे ही ऊपर से फंड का आवंटन प्राप्त होगा, शेष महीनों की पेंशन राशि भी बिना किसी देरी के सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में डीबीटी के जरिए ट्रांसफर कर दी जाएगी।


