
जमशेदपुर, : भारत निर्वाचन आयोग द्वारा संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision-SIR)-2026 कार्यक्रम के तहत रविवार को जमशेदपुर स्थित करीम्स एजुकेशनल कॉम्प्लेक्स में एक व्यापक मतदाता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्र-छात्राओं को मतदाता सूची में नाम जोड़ने, संशोधन कराने, पता परिवर्तन एवं मतदाता सूची के महत्व के प्रति जागरूक बनाना था। इस अवसर पर मतदाता साक्षरता क्लब द्वारा विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक प्रक्रिया में मतदाता की भूमिका और जिम्मेदारियों की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।

लोकतंत्र की मजबूती के लिए मतदाता सूची में नाम होना आवश्यक
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए करीम सिटी कॉलेज के प्राचार्य मोहम्मद रेयाज़ ने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का मतदाता सूची में नाम दर्ज होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने छात्र-छात्राओं से अपील की कि वे स्वयं जागरूक नागरिक बनें तथा अपने परिवार, रिश्तेदारों और समाज के अन्य लोगों को भी मतदाता सूची में नाम जुड़वाने और आवश्यक संशोधन कराने के लिए प्रेरित करें।
SIR-2026 की प्रक्रिया को विस्तार से समझाया गया
करीम सिटी कॉलेज के नोडल पदाधिकारी सैयद साजिद परवेज ने विद्यार्थियों को SIR-2026 की संपूर्ण प्रक्रिया की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मतदाता सूची में नया नाम जोड़ने, त्रुटियों को सुधारने, पते में परिवर्तन कराने तथा अन्य संशोधनों के लिए ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से आवेदन किया जा सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों को निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित प्रक्रियाओं और आवश्यक दस्तावेजों के बारे में भी विस्तार से अवगत कराया।
READ MORE :JAMSHEDPUR NEWS: जमशेदपुर के 200 धुरंधरों ने मैदान में दिखाया दम; राज्य स्तरीय चैंपियनशिप के लिए खो-खो की 5 टीमें चयनित
SIR-2026 की महत्वपूर्ण तिथियों की दी गई जानकारी
कार्यक्रम के दौरान निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम की महत्वपूर्ण तिथियों की जानकारी भी साझा की गई। इसके अनुसार अर्हता तिथि 1 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है। BLO द्वारा घर-घर जाकर गणना प्रपत्र वितरण एवं संग्रह का कार्य 30 जून से 29 जुलाई 2026 तक किया जाएगा। वहीं ड्राफ्ट मतदाता सूची का प्रकाशन 5 अगस्त 2026 को होगा और अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 7 अक्टूबर 2026 को किया जाएगा।
छात्र-छात्राओं ने पूछे सवाल, विशेषज्ञों ने दिए जवाब
कार्यक्रम में उपस्थित छात्र-छात्राओं ने मतदाता सूची पुनरीक्षण प्रक्रिया से जुड़े विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनका विशेषज्ञों और नोडल पदाधिकारियों द्वारा विस्तारपूर्वक उत्तर दिया गया। इस दौरान विद्यार्थियों को मतदान के अधिकार और नागरिक जिम्मेदारियों के प्रति भी जागरूक किया गया।
बड़ी संख्या में छात्र, शिक्षक और कर्मचारी रहे उपस्थित
कार्यक्रम में सेंट्रल करीमिया प्लस-2 हाई स्कूल की प्राचार्या वाहेदा तबस्सुम, करीम सिटी इंटर कॉलेज के प्राचार्य शाहनवाज, सेंट्रल करीमिया स्कूल के नोडल पदाधिकारी एमडी फखरुद्दीन अंसारी, करीम सिटी इंटर कॉलेज के नोडल पदाधिकारी बलराम सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारी उपस्थित रहे। यह जागरूकता कार्यक्रम SIR-2026 के अंतर्गत मतदाता सूची को अधिक सटीक, समावेशी और त्रुटिरहित बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।


