
जमशेदपुर: लौहनगरी जमशेदपुर में पारंपरिक खेल खो-खो (Kho-Kho) को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के उद्देश्य से पूर्वी सिंहभूम खो-खो एसोसिएशन ने एक बड़ी चयन प्रक्रिया पूरी की है। एग्रीको स्थित ट्रांसपोर्ट मैदान में जूनियर, सब-जूनियर और सीनियर वर्ग के बालक एवं बालिकाओं की एक दिवसीय जिला स्तरीय चयन प्रतियोगिता (Selection Trial) का सफल आयोजन किया गया। इस ट्रायल में जिले के 16 विभिन्न स्कूलों और स्पोर्ट्स क्लबों के 200 से अधिक खिलाड़ियों ने अपनी फुर्ती और तकनीकी दांव-पेच का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

कड़े ट्रायल के बाद तय हुई राज्य स्तरीय टीमें
एसोसिएशन के सचिव विक्टर विजय की देखरेख में आयोजित इस चयन ट्रायल के बाद जूनियर बालक वर्ग, सब-जूनियर बालक व बालिका वर्ग और सीनियर बालक व बालिका वर्ग की टीमों का गठन कर लिया गया है। चयन के तुरंत बाद सचिव विक्टर विजय ने सभी चयनित खिलाड़ियों को आगामी राज्य स्तरीय चैंपियनशिप के नियमों और कड़े अभ्यास से जुड़े जरूरी दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने बताया कि चयनित खिलाड़ियों की अंतिम और आधिकारिक सूची बहुत जल्द जारी कर दी जाएगी।
खूंटी से लेकर बोकारो तक का यह है पूरा शेड्यूल
चयनित टीमें आगामी जुलाई और अगस्त महीने में झारखंड के विभिन्न जिलों में होने वाली 20वीं राज्य स्तरीय खो-खो चैंपियनशिप में पूर्वी सिंहभूम जिले का प्रतिनिधित्व करेंगी:
जूनियर बालक टीम: 3 से 5 जुलाई तक खूंटी में आयोजित होने वाली चैंपियनशिप के लिए जमशेदपुर की टीम 2 जुलाई को रवाना होगी।
सब-जूनियर बालक एवं बालिका टीम: रामगढ़ जिले के रजरप्पा में 10 से 12 जुलाई तक होने वाली प्रतियोगिता के लिए टीम 9 जुलाई को रवाना होगी।
सीनियर बालक टीम: कोडरमा जिले में 24 से 26 जुलाई तक आयोजित तीन दिवसीय पुरुष राज्य स्तरीय चैंपियनशिप में भाग लेगी।
सीनियर महिला टीम: बोकारो जिले में 21 से 23 अगस्त तक होने वाली चैंपियनशिप में जिले की चुनौती पेश करेगी।
READ MORE :JAMSHEDPUR NEWS: पोटका से डुमरिया तक अब ‘जीरो कट’ बिजली; करोड़ों की लागत से पांडरासोली में बनेगा महा ‘लाइन हब’
चयन ट्रायल में इन तकनीकी अधिकारियों की रही भूमिका
खिलाड़ियों की प्रतिभा को परखने और निष्पक्ष चयन के लिए मैदान पर एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष श्याम कुमार शर्मा, संयुक्त सचिव दयाल सिंह मेहरा, उपाध्यक्ष डब्ल्यू. रहमान, सहायक सचिव अरबाज हुसैन, किरण पाट पिंगुवा, बलराम पात्र, ध्यान चन्द्र मार्डी और आकांक्षा कुमारी मौजूद रहे। इसके अलावा तकनीकी प्रमुख एस. चटर्जी, एम. अरशद और विकास कुमार ने चयन प्रक्रिया को संपन्न कराया। कार्यक्रम के अंत में कोषाध्यक्ष श्याम कुमार शर्मा ने सभी प्रतिभागियों और कोच का आभार व्यक्त किया।



