जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम पुलिस ने अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ कार्रवाई में बड़ी सफलता हासिल की है। टेल्को थाना क्षेत्र के मंडल बस्ती डी.भी.सी. इलाके से पुलिस ने गुप्त सूचना पर छापेमारी करते हुए एक संदिग्ध को गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपी की पहचान कन्हैया लाल (45 वर्ष), पिता स्व. गिरधारी लाल, निवासी ईस्ट प्लान बस्ती, लाइन नंबर-07 पंजाबी लाइन, थाना वर्मामांईस, जिला पूर्वी सिंहभूम के रूप में हुई है। उसका स्थायी पता ग्राम मिर्जापुर, उत्तर प्रदेश बताया गया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, गुप्त सूचना मिली थी कि आरोपी अवैध हथियार के साथ इलाके में घूम रहा है। जैसे ही पुलिस टीम ने वहां छापेमारी की, आरोपी पुलिस को देखकर भागने लगा। हालांकि आरक्षी 388 सम्श तबरेज खुर्शीद ने तुरंत पीछा कर उसे धर दबोचा।
तलाशी लेने पर उसके पास से एक लोडेड देशी पिस्टल, दो मैगजीन, दो जिंदा कारतूस (7.65 एमएम), एक की-पैड मोबाइल फोन और एक नीला थैला बरामद किया गया। सभी जब्त सामान को पुलिस ने कब्जे में लेकर आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर लिया। उसे अब न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि हथियार कहां से लाया गया था और आरोपी का संपर्क किन आपराधिक गिरोहों या व्यक्तियों से है। शुरुआती पूछताछ में आरोपी ने अपने बयान में संतोषजनक जवाब नहीं दिया है।
READ MORE :Jamshedpur News :जमशेदपुर महिला विश्वविद्यालय में रक्तदान अमृत महोत्सव 2.0 का आयोजन
बरामद सामान
एक देशी पिस्टल
दो मैगजीन
दो गोली (7.65 एमएम)
एक की-पैड मोबाइल
नीला थैला
कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम
पु.नि. सह थाना प्रभारी प्रशांत कुमार, टेल्को थाना
पु.अ.नि. सोहन लाल, टेल्को थाना
पु.अ.नि. हेमकिशोर गुप्ता, टेल्को थाना
स.अ.नि. उत्तम राम, टेल्को थाना
आरक्षी 388 सम्श तबरेज खुर्शीद, टाईगर मोबाइल 36
आरक्षी 2639 समिरण प्रमाणिक, टाईगर मोबाइल 35
आरक्षी 2645 सत्येन्द्र कुमार पासवान, टाईगर मोबाइल 35
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शहर में अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। अवैध हथियार रखने और आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।




