
जमशेदपुर:
लौहनगरी जमशेदपुर में मंगलवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब शहर के प्रतिष्ठित उद्योगपति एवं आदित्यपुर स्माल इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (एसिया) के उपाध्यक्ष देवांग गांधी के 24 वर्षीय पुत्र कैरव गांधी के अपहरण की पुष्टि हुई। अपराधियों ने परिजनों को इंडोनेशिया के व्हाट्सएप नंबर से कॉल कर फिरौती की मांग की है और रकम नहीं मिलने पर कैरव की हत्या की धमकी दी है।

रेकी के बाद रची गई साजिश
सिटी एसपी कुमार शिवाशीष के अनुसार, यह घटना पूरी तरह सुनियोजित साजिश का हिस्सा प्रतीत होती है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अपहरण से पहले कैरव की गतिविधियों की गहन रेकी की गई थी। अपराधियों को उनके आने-जाने के रास्तों और समय की सटीक जानकारी थी।
घर से निकलने के बाद लापता
जानकारी के अनुसार, मंगलवार दोपहर करीब 2:30 बजे कैरव गांधी घर से निकले थे। इसके बाद शाम 8 बजे तक के बीच उनका अपहरण कर लिया गया। जब देर रात तक उनका कोई सुराग नहीं मिला, तब परिजनों ने पुलिस को सूचना दी।
कांदरबेड़ा में मिली लावारिस कार
जांच के दौरान पुलिस को कैरव की क्रेटा कार चांडिल थाना क्षेत्र अंतर्गत कांदरबेड़ा में सड़क किनारे लावारिस हालत में मिली। कार में चाबी लगी हुई थी, जिससे आशंका जताई जा रही है कि अपहरणकर्ताओं ने कैरव को वहीं डराकर किसी दूसरी गाड़ी में स्थानांतरित कर दिया।
READ MORE :Adityapur News :नगर निकाय चुनाव जल्द हों, पूरी तरह गैर-राजनीतिक हों प्रतिनिधि: जलाडो व आदित्यपुर अधिवक्ता संघ
चार विशेष टीमों का गठन
मामले की गंभीरता को देखते हुए कोल्हान डीआईजी अनुरंजन किस्पोट्टा ने जमशेदपुर और सरायकेला-खरसावां पुलिस को अलर्ट पर रखा है। पुलिस ने चार विशेष जांच टीमें गठित की हैं, जो अलग-अलग राज्यों में संभावित ठिकानों, तकनीकी साक्ष्यों और कॉल डिटेल्स की जांच कर रही हैं।
इंटरनेशनल नंबर से फिरौती की मांग
सुत्रो के अनुसार
पुलिस उस इंटरनेशनल नंबर गहन जांच कर रही है, जिससे फिरौती की मांग की गई है। सुरक्षा कारणों से फिरौती की रकम का खुलासा नहीं किया गया है, लेकिन पुलिस साइबर और तकनीकी पहलुओं पर विशेष नजर बनाए हुए है।
परिजनों में दहशत, पुलिस पर बढ़ा दबाव
देवांग गांधी शहर के जाने-माने उद्योगपतियों में गिने जाते हैं और इंपीरियल ऑटो प्राइवेट लिमिटेड से भी जुड़े हैं। बेटे के अपहरण के बाद उनके आवास पर शुभचिंतकों की भीड़ जुट रही है, हालांकि सुरक्षा कारणों से परिवार मीडिया से दूरी बनाए हुए है।
24 घंटे बाद भी सुराग नहीं
घटना के 24 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बावजूद कैरव गांधी का कोई ठोस सुराग नहीं मिलना पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बन गया है। पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है और जल्द ही मामले के खुलासे का दावा कर रही है।


