
आदित्यपुर।
झारखंड लीगल एडवाइजरी एंड डेवलपमेंट ऑर्गेनाइजेशन (JALADO) एवं आदित्यपुर अधिवक्ता संघ के पदाधिकारियों ने संयुक्त प्रेस विज्ञप्ति जारी कर शहरी निकाय चुनावों को लेकर महत्वपूर्ण मांगें रखीं। प्रेस नोट पर ओम प्रकाश (अधिवक्ता एवं अध्यक्ष, जलाडो), सुनील कुमार स्वाईं (अधिवक्ता एवं सचिव, जलाडो), दीपेंद्र नाथ ओझा (अधिवक्ता एवं अध्यक्ष, आदित्यपुर अधिवक्ता संघ) तथा अधिवक्ता डी.एन. शर्मा व लक्ष्मण प्रसाद के हस्ताक्षर रहे।
READ MORE :Jamshedpur News :उलीडीह में टुसु परब की भव्य शुरुआत, बन्ना गुप्ता ने किया पूजा पंडाल का उद्घाटन
हाईकोर्ट के आदेश पर जताया आभार
पदाधिकारियों ने बताया कि झारखंड उच्च न्यायालय द्वारा जनहित याचिका पर सुनवाई करते हुए राज्य सरकार एवं चुनाव आयोग को शहरी निकाय चुनाव शीघ्र कराने के लिए बाध्य किए जाने का स्वागत किया गया है। उन्होंने कहा कि आदित्यपुर नगर निगम सहित पूरे झारखंड में नगर निगम, नगर पालिका और नगर पंचायतों के चुनाव लंबे समय से लंबित हैं, जिससे शहरी विकास प्रभावित हुआ है। अदालत के निर्देश से लोकतांत्रिक प्रक्रिया को गति मिलेगी।
गैर-राजनीतिक प्रतिनिधित्व की मांग
जलाडो और अधिवक्ता संघ ने स्पष्ट किया कि जब पूरे राज्य में शहरी निकाय चुनाव गैर-राजनीतिक आधार पर कराए जा रहे हैं, तो प्रत्येक नगर निगम/नगर पालिका/नगर पंचायत में मेयर/अध्यक्ष, उपमेयर/उपाध्यक्ष तथा सभी पार्षद भी गैर-राजनीतिक ही होने चाहिए। इससे स्थानीय शासन में निष्पक्षता और जनहितकारी निर्णय सुनिश्चित होंगे।
READ MORE :Jamshedpur News :आदित्य साहू के नेतृत्व में भाजपा संगठन करेगा उत्कृष्ट प्रदर्शन : डॉ. जटाशंकर पांडे
अनिवार्य शपथ-पत्र का प्रस्ताव
संयुक्त मांग में कहा गया कि भारत निर्वाचन आयोग (या राज्य चुनाव आयोग) शहरी क्षेत्रों में चुनाव लड़ने वाले प्रत्येक प्रत्याशी से अनिवार्य शपथ-पत्र ले, जिसमें यह घोषित हो कि वह किसी भी राजनीतिक दल का पदाधिकारी या सक्रिय सदस्य नहीं है। साथ ही, चुने जाने के बाद पद पर बने रहने की अवधि तक वह किसी राजनीतिक दल में शामिल नहीं होगा और न ही किसी दल की सभा/बैठक में भाग लेगा।
पदाधिकारियों के अनुसार, इससे सरकार और चुनाव आयोग की वह मंशा पूरी होगी, जिसके तहत शहरों के विकास की जिम्मेदारी सामाजिक कार्यकर्ताओं को सौंपी जानी है।
शहरी विकास को मिलेगी नई दिशा
उन्होंने कहा कि गैर-राजनीतिक प्रतिनिधित्व से शहरी निकायों में पारदर्शिता बढ़ेगी, स्थानीय समस्याओं पर त्वरित निर्णय होंगे और विकास कार्य दलगत राजनीति से ऊपर उठकर किए जा सकेंगे।
18 जनवरी को संयुक्त पारिवारिक वनभोज
प्रेस विज्ञप्ति में यह भी जानकारी दी गई कि आदित्यपुर अधिवक्ता संघ एवं जलाडो का संयुक्त पारिवारिक वनभोज 18 जनवरी 2026 को जयप्रकाश उद्यान, आदित्यपुर में आयोजित होगा। इसमें केवल दोनों संगठनों के सदस्य और उनके परिवारजन शामिल रहेंगे।


