
जमशेदपुर:
जमशेदपुर के बिष्टुपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सर्किट हाउस में रहने वाले जाने-माने उद्यमी देवांग गांधी के 25 वर्षीय पुत्र कैरव गांधी के अपहरण को दो दिन बीत जाने के बावजूद पुलिस को अब तक कोई ठोस सफलता नहीं मिल पाई है। मंगलवार दोपहर के बाद से कैरव गांधी का कोई सुराग नहीं मिल पाया है, जिससे परिवार के साथ-साथ पूरे शहर में चिंता का माहौल बना हुआ है।
READ MORE :Jamshedpur News :पुण्य प्राप्त करने के लिए प्रत्येक मनुष्य को भागवत कथा सुननी चाहिए- रसिया बाबा


मंगलवार से लापता, थाने में दर्ज हुआ मामला
जानकारी के अनुसार, मंगलवार दोपहर के बाद कैरव गांधी अचानक लापता हो गए। देर शाम तक जब उनका कोई पता नहीं चला तो उनके पिता देवांग गांधी ने जिले के पुलिस अधीक्षक को इसकी सूचना दी। इसके बाद बिष्टुपुर थाना में अपहरण का मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
कांदरबेड़ा में मिली लावारिस कार
जांच के दौरान पुलिस को एक अहम सुराग हाथ लगा, जब कैरव गांधी की कार कांदरबेड़ा में एक होटल के पास लावारिस हालत में बरामद की गई। यह क्षेत्र चांडिल थाना अंतर्गत आता है। कार मिलने के बाद मामले की गंभीरता और बढ़ गई है। फिलहाल जमशेदपुर और सरायकेला-खरसावां, दोनों जिलों की पुलिस संयुक्त रूप से जांच में जुटी हुई है।
जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर
उद्यमी के बेटे के अपहरण के बाद जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। विभिन्न स्थानों पर छापेमारी, तकनीकी जांच और संभावित ठिकानों पर नजर रखी जा रही है। पुलिस हर एंगल से मामले को सुलझाने का प्रयास कर रही है।
व्यवसायिक संगठनों में आक्रोश
कैरव गांधी के अपहरण की घटना के बाद सिंहभूम चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री समेत अन्य व्यवसायिक संगठनों ने कड़ा विरोध जताया है। संगठनों ने प्रशासन से मांग की है कि कैरव गांधी को सही-सलामत जल्द से जल्द बरामद किया जाए।
उल्लेखनीय है कि देवांग गांधी आदित्यपुर स्माल इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (ASIA) के उपाध्यक्ष हैं, जिससे यह मामला उद्योग जगत के लिए भी गंभीर चिंता का विषय बन गया है।
सिटी एसपी ने बताया मामला संवेदनशील
इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए सिटी एसपी कुमार शिवाषिश ने स्पष्ट कहा कि यह मामला अत्यंत संवेदनशील है। उन्होंने कहा कि जांच के इस चरण में मीडिया में चल रही खबरों को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की जा सकती।
सिटी एसपी ने भरोसा दिलाया कि पुलिस पूरी गंभीरता से कार्रवाई कर रही है और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।
शहर में बढ़ती चिंता
दो दिन बीत जाने के बाद भी कैरव गांधी का कोई सुराग न मिलने से परिवार, उद्योग जगत और आम नागरिकों में चिंता बढ़ती जा रही है। सभी को पुलिस से जल्द सफलता की उम्मीद है।


