
जमशेदपुर। झारखंड राज्य अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ की पूर्वी सिंहभूम जिला इकाई की नवगठित कार्यकारिणी की पहली बैठक रविवार को समाहरणालय परिसर में आयोजित हुई। जिला अध्यक्ष ललिंद्र कुमार की अध्यक्षता में हुई बैठक में कर्मचारियों की सेवा संबंधी समस्याओं, संगठन के विस्तार और आगामी आंदोलन की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में आठवें वेतन पुनरीक्षण लागू करने, 3.89 फिटमेंट फैक्टर निर्धारित करने, लिपिकों का शुरुआती ग्रेड पे 2,400 रुपये करने और राज्य के सरकारी कार्यालयों में पांच दिवसीय कार्यप्रणाली लागू करने जैसी मांगें उठाई गईं।



बैठक में प्रदेश महामंत्री वीरेन्द्र कुमार यादव, प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र नाथ ठाकुर, सीटू के राज्य महासचिव विश्वजीत देव मुख्य अतिथि तथा महासंघ की प्रदेश उपाध्यक्ष और अखिल भारतीय राज्य सरकारी कर्मचारी महासंघ की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष शर्मिला ठाकुर विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।
READ MORE :ADITYAPUR NEWS :अनिल कुमार वर्मा की प्रथम पुण्यतिथि पर निःशुल्क मेडिकल और डेंटल कैंप, 500 से अधिक लोगों की हुई जांच
नियमित, संविदा और आउटसोर्सिंग कर्मियों के मुद्दों पर चर्चा
बैठक की शुरुआत नवगठित जिला कार्यकारिणी के पदाधिकारियों और सदस्यों के परिचय के साथ हुई। प्रदेश महामंत्री वीरेन्द्र कुमार यादव ने महासंघ के सांगठनिक ढांचे, सदस्यता, अनुशासन, संबद्धता और कार्यक्षेत्र की जानकारी दी। उन्होंने प्रखंड स्तरीय समितियों के गठन, समयबद्ध कार्ययोजना तथा जिला और राज्य स्तर पर महासंघ के कार्यालय की आवश्यकता पर भी प्रकाश डाला।
उन्होंने नियमित, संविदा और आउटसोर्सिंग सहित सभी श्रेणियों के कर्मचारियों की जायज मांगों को लेकर जिला, राज्य और केंद्रीय स्तर पर संगठित संघर्ष की जरूरत बताई। साथ ही 12 दिसंबर 2026 को नई दिल्ली के रामलीला मैदान में अखिल भारतीय राज्य सरकारी कर्मचारी महासंघ के आह्वान पर आयोजित होने वाली कर्मचारी आक्रोश रैली में पूर्वी सिंहभूम से अधिकाधिक कर्मचारियों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
संविदा और आउटसोर्सिंग कर्मियों के लिए सामाजिक सुरक्षा की मांग
बैठक में विभिन्न विभागों और संवर्गों के प्रतिनिधियों ने अपनी सेवा संबंधी समस्याएं रखीं। संविदा और आउटसोर्सिंग कर्मियों की वेतन विसंगतियां दूर करने, समय पर वेतन भुगतान, प्रत्येक वर्ष वेतन वृद्धि, नियमानुसार अवकाश, दुर्घटना बीमा और अन्य सामाजिक सुरक्षा सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग उठाई गई।
माचा, पटमदा में कार्यरत एएनएम कर्मियों के बीच वेतन विसंगति का मामला भी प्रमुखता से रखा गया। इसके अलावा संविदा और आउटसोर्सिंग के माध्यम से होने वाली नियुक्तियों को नियमसम्मत बनाने तथा सेवा शर्तों और सरकारी दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने की मांग की गई।
READ MORE :JAMSHEDPUR NEWS :जमशेदपुुर पुस्तक मेले में पहली बार शामिल मशहूर ‘दिनकर पुस्तकालय’ भागलपुर का स्टाॅल बना आकर्षण का केंद्र
बैठक में उठीं ये 15 प्रमुख मांगें
कार्यकारिणी सदस्यों ने कर्मचारी हितों और संगठन को मजबूत बनाने के लिए कई सुझाव दिए। इनमें प्रमुख रूप से निम्न मांगें शामिल रहीं—
जिला महासंघ का बैनर और नई कार्यकारिणी का लेटरहेड तैयार किया जाए।
सदस्यता प्रपत्र के माध्यम से सभी कार्यालयों में व्यापक सदस्यता अभियान चलाया जाए।
सक्रिय सदस्यों के सहयोग से जिले के सभी प्रखंडों में समितियों का गठन किया जाए।
संविदा और आउटसोर्सिंग कर्मियों की वेतन विसंगतियां दूर कर समय पर भुगतान और वार्षिक वेतन वृद्धि सुनिश्चित की जाए।
संविदा और आउटसोर्सिंग कर्मियों को अवकाश, दुर्घटना बीमा और सामाजिक सुरक्षा सुविधाएं दी जाएं।
संविदा और आउटसोर्सिंग के माध्यम से नियुक्तियों में नियमों और सरकारी दिशा-निर्देशों का पालन हो।
जिला महासंघ की तात्कालिक और दीर्घकालिक कार्ययोजना बनाकर प्राथमिकताएं तय की जाएं।
लगातार तीन बैठकों में अनुपस्थित रहने वाले पदाधिकारी या सदस्य के स्थान को रिक्त घोषित करने संबंधी संवैधानिक प्रावधानों की जानकारी दी जाए।
माचा, पटमदा की एएनएम कर्मियों की वेतन विसंगति का समाधान किया जाए।
जिला इकाई के नाम से बैंक खाता खोलकर वित्तीय लेन-देन पारदर्शी बनाया जाए।
नियमित, संविदा और आउटसोर्सिंग कर्मियों की समस्याओं के समाधान के लिए समन्वित प्रयास किए जाएं।
चतुर्थ वर्गीय कर्मियों को बिहार की तर्ज पर योग्यता और वरीयता के आधार पर प्रोन्नति दी जाए।
सभी विभागों के लिपिकों का शुरुआती ग्रेड पे 2,400 रुपये निर्धारित किया जाए।
आठवां वेतन पुनरीक्षण अविलंब लागू कर 3.89 फिटमेंट फैक्टर निर्धारित किया जाए।
झारखंड सरकार के सभी कार्यालयों में पांच दिवसीय कार्यप्रणाली लागू की जाए।
12 दिसंबर की दिल्ली रैली में भागीदारी की तैयारी
बैठक में संगठन को जिला से प्रखंड स्तर तक मजबूत बनाने के लिए समयबद्ध कार्ययोजना तैयार करने पर विचार-विमर्श किया गया। इसके साथ ही 12 दिसंबर को नई दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित होने वाली कर्मचारी आक्रोश रैली में पूर्वी सिंहभूम के कर्मचारियों की अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।
अंत में जिला कोषाध्यक्ष प्रशांत कुमार, जिला मंत्री अनिल कुमार टुडू और जिला अध्यक्ष ललिंद्र कुमार ने संगठनात्मक एकजुटता, अनुशासन, आपसी समन्वय और कर्मचारी समस्याओं के समाधान पर बल दिया। बैठक में नियमित, संविदा और आउटसोर्सिंग सहित सभी श्रेणियों के कर्मचारियों के अधिकारों एवं हितों की रक्षा तथा महासंघ को जिला और प्रखंड स्तर पर सशक्त बनाने की प्रतिबद्धता व्यक्त की गई।



