
जमशेदपुर।
झामुमो केंद्रीय कमिटी के निर्देश पर रविवार को पोटका प्रखंड कमिटी के तत्वावधान में तेतला स्थित इम्पेरियल रिसोर्ट में एक महत्वपूर्ण बैठक सह कार्यकर्ता प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में पोटका के विधायक संजीव सरदार शामिल हुए। कार्यक्रम में झामुमो के जिला, प्रखंड और पंचायत स्तर के सैकड़ों पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे, जिन्हें एसआईआर (SIR), आगामी राष्ट्रीय जनगणना और जनगणना प्रपत्र में सरना धर्म कोड दर्ज कराने को लेकर विस्तृत रूप से प्रशिक्षित किया गया।
READ MORE :Jamshedpur News :तुलसी भवन में रविवार की शाम ‘सहयोग’ की आम सभा का हुआ आयोजन
एसआईआर और जनगणना पर कार्यकर्ताओं को मिला खास प्रशिक्षण
प्रशिक्षण शिविर को संबोधित करते हुए विधायक संजीव सरदार ने कहा कि झामुमो के पंचायत और बूथ स्तर के कार्यकर्ता सरकारी कर्मियों के साथ मिलकर काम करेंगे। यह सुनिश्चित किया जाएगा कि ‘एसआईआर’ प्रक्रिया में किसी भी प्रवासी या बाहर रहकर काम करने वाले मतदाता का नाम गलती से भी मतदाता सूची से न कटे। उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा हर गांव के लिए बीएलओ (BLO) नियुक्त किए गए हैं। झामुमो के बूथ स्तर के कार्यकर्ता इनके सहयोगी के रूप में तैनात होंगे, ताकि ग्रामीण पूरी जानकारी के साथ सही तरीके से अपना जनगणना फॉर्म भर सकें।
सरना धर्म कोड के बिना आदिवासियों के अस्तित्व पर संकट
सरना धर्म कोड के मुद्दे पर विधायक ने कड़ी चिंता जताते हुए इसे आदिवासियों के अस्तित्व का सीधा सवाल बताया। संजीव सरदार ने कहा कि वर्तमान जनगणना फॉर्म में ‘सरना धर्म कोड’ का उल्लेख नहीं होना बेहद गंभीर विषय है। राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन खुद राष्ट्रपति से मिलकर जनगणना फॉर्म में इसे शामिल करने की जोरदार मांग कर चुके हैं। विधायक ने स्पष्ट किया कि देश भर में लगभग 12 करोड़ आदिवासी सरना धर्म को मानते हैं। यदि इस जनगणना में उनकी अलग पहचान दर्ज नहीं हुई, तो भविष्य में उनके अस्तित्व और अधिकारों पर बड़ा संकट खड़ा हो सकता है। झामुमो इस मांग को हर स्तर पर पूरे जोर-शोर से उठाएगा।
READ MORE :Ranchi News: झारखंड के छात्रों के लिए विदेश में फ्री पढ़ाई का सुनहरा मौका, ‘मरङ गोमके छात्रवृत्ति योजना’ के लिए आवेदन शुरू
नवनियुक्त जिला कमिटी का हुआ भव्य स्वागत और संगठन विस्तार पर जोर
इस अहम बैठक के दौरान झामुमो की नवनियुक्त पूर्वी सिंहभूम जिला कमिटी का भव्य अभिनंदन भी किया गया। जिला अध्यक्ष विक्टर सोरेन, उपाध्यक्ष सागेन पूर्ति, विद्यासागर दास, प्रणव महतो, सचिव रतन महतो, संगठन सचिव चंद्रशेखर टुडू, नासिर खान और सह सचिव माणिक मल्लिक का प्रखंड कमिटी की ओर से जोरदार स्वागत किया गया।
अपने संबोधन के अंत में विधायक संजीव सरदार ने कार्यकर्ताओं से संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि झामुमो हमेशा से आदिवासियों और मूलवासियों के अधिकारों की लड़ाई लड़ता आया है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे गांव-गांव जाकर लोगों को जागरूक करें और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं। कार्यक्रम में मुख्य रूप से सुनील महतो, बबलू चौधरी, हीरामणि मुर्मू, चंद्रावती महतो, सुधीर सोरेन, भुवनेश्वर सरदार, बाघराय मुर्मू, हितेश भगत, जिकरुल होदा, चक्रधर महतो, बिरेन पात्र, भुगलु टुडू, मनोरंजन सरदार और विमल दास समेत बड़ी संख्या में झामुमो कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



