जिला अध्यक्ष विक्टर सोरेन के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने की मुलाकात, सुरक्षा, सफाई, रोशनी, गोताखोरों और स्वास्थ्य शिविर की व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग
जमशेदपुर। लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर पूर्वी सिंहभूम जिले में घाटों की तैयारियों और श्रद्धालुओं की सुरक्षा का मुद्दा गरमा गया है। छठ घाटों पर सुविधाओं की कमी, सफाई कार्य में देरी और व्यवस्थाओं में खामियों को देखते हुए झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) की पूर्वी सिंहभूम जिला समिति ने उपायुक्त को 11 सूत्री मांगपत्र सौंपा है। जिला अध्यक्ष विक्टर सोरेन के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन से छठ पर्व से पहले सभी आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त करने की मांग की।
पार्टी की ओर से बताया गया कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देशानुसार प्रतिनिधिमंडल ने एक दिन पहले जिले के कई छठ घाटों का निरीक्षण किया था। इस दौरान विभिन्न घाटों पर कार्यों में विलंब और व्यवस्थागत खामियां देखने को मिलीं। इसके बाद जिला अध्यक्ष विक्टर सोरेन के नेतृत्व में उपायुक्त से मुलाकात कर मांगपत्र सौंपा गया।
READ MORE :ADITYAPUR NEWS: आदिवासी समाज के सर्वांगीण विकास के बिना विकसित भारत की कल्पना अधूरी : चम्पाई सोरेन
छठ घाटों पर सुरक्षा और बुनियादी सुविधाओं की मांग
झामुमो ने मांग की है कि जिले के सभी प्रमुख छठ घाटों पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। घाटों की साफ-सफाई, समतलीकरण और श्रद्धालुओं के पहुंच पथों को दुरुस्त करने के साथ पुराने सीढ़ियों की मरम्मत भी कराई जाए।
मांगपत्र में घाटों पर अस्थायी शौचालय और चेंजिंग रूम बनाने, श्रद्धालुओं के लिए शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने तथा पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया है।
खतरनाक घाटों पर बैरिकेडिंग और गोताखोरों की तैनाती
श्रद्धालुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए झामुमो ने पूर्व में चिह्नित खतरनाक घाटों पर बैरिकेडिंग कराने की मांग की है। इसके साथ ही लोगों को नदी और जलाशयों में संभावित खतरों के प्रति जागरूक करने के लिए सामाजिक संस्थाओं के माध्यम से अभियान चलाने का सुझाव दिया गया है।
घाटों पर किसी भी आकस्मिक घटना से निपटने के लिए प्रशिक्षित तैराकों और गोताखोरों की तैनाती तथा आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं के लिए अस्थायी स्वास्थ्य शिविर स्थापित करने की मांग भी की गई है। इसके अलावा घाटों के आसपास वाहनों की पार्किंग के लिए सुव्यवस्थित व्यवस्था बनाने पर जोर दिया गया है।
READ MORE :JAMSHEDPUR NEWS: धालभूमगढ़ एयरपोर्ट को लेकर वन विभाग की पहल की सिंहभूम चैंबर ने की सराहना, अधिकारियों को दी बधाई
छठ से पहले सभी मांगें पूरी करने का आग्रह
झामुमो प्रतिनिधिमंडल ने जिला प्रशासन और उसके अधीनस्थ निकायों से आग्रह किया कि छठ पर्व शुरू होने से पहले मांगपत्र में शामिल सभी व्यवस्थाओं को हर हाल में पूरा किया जाए, ताकि श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो और पर्व शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित माहौल में संपन्न हो सके।
प्रतिनिधिमंडल में पूर्व विधायक लक्ष्मण टुडू, जिला परिषद अध्यक्ष बारी मुर्मू, उपाध्यक्ष पंकज सिन्हा, वीर सिंह सुरेन, नरोतम दास, खुद्दू उरांव, महावीर मुर्मू, सागेन पूर्ति, अजय रजक, प्रीतम हेम्ब्रम, अभय पाण्डेय, लक्की सिंह, चरणजीत कौर भाटिया, नासिर खान, रमेश मुर्मू, सुशील हेंब्रम, बंटी सिंह, विश्वनाथ महतो, फतेह चंद्र टुडू, अरुण सिंह राजा, सपन राय, इंदरपाल सिंह भाटिया, चंद्रशेखर महतो, जाबिर हुसैन, मनोज तांती, रवि मुंडा और मृत्युंजय यादव समेत कई अन्य कार्यकर्ता शामिल थे।

