आदित्यपुर। झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं सरायकेला विधायक चम्पाई सोरेन ने कहा कि आदिवासी समाज के सर्वांगीण विकास के बिना विकसित भारत की कल्पना अधूरी है। 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर मनाया जाने वाला जनजातीय गौरव दिवस आदिवासी समाज के इतिहास, संघर्ष, बलिदान और सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय पहचान देने का महत्वपूर्ण अवसर है।
आदित्यपुर स्थित अटल पार्क में पत्रकारों से बातचीत करते हुए चम्पाई सोरेन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस घोषित कर आदिवासी स्वतंत्रता सेनानियों को सम्मान देने की पहल की है।
उन्होंने कहा कि बाबा तिलका मांझी, सिदो-कान्हू, फूलो-झानो, चांद-भैरव और नीलांबर-पीतांबर जैसे वीरों का देश के इतिहास में महत्वपूर्ण योगदान रहा है। आदिवासी समाज के संघर्ष और बलिदान को उचित सम्मान मिलना चाहिए।
READ MORE :Jamshedpur News :11 से 18 नवंबर तक देश भर में ‘जनजातीय गौरव सप्ताह’ मनाएगी बीजेपी, पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने दी जानकारी
पीएम जनमन और ग्राम उत्कर्ष अभियान का किया उल्लेख
चम्पाई सोरेन ने पीएम जनमन योजना की जानकारी देते हुए बताया कि झारखंड में इसके तहत 36,630 आवास स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें से 13,706 आवास पूरे हो चुके हैं। वहीं, धरती आबा ग्राम उत्कर्ष अभियान के तहत राज्य के 7,139 गांव शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि झारखंड में 91 एकलव्य विद्यालय स्वीकृत हैं, जिनमें 51 विद्यालय संचालित हो रहे हैं। उन्होंने आदिवासी बच्चों की शिक्षा को बेहतर बनाने के साथ आदिवासी भाषाओं, संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण पर जोर दिया। चम्पाई सोरेन ने बच्चों को मातृभाषा में शिक्षा उपलब्ध कराने की आवश्यकता भी बताई।
READ MORE:JHARKHAND RAIL NEWS: छठ पर टाटानगर-छपरा समेत 5 स्पेशल ट्रेनें चलेंगी, झारखंड-बिहार के यात्रियों को मिलेगी राहत
भाजपा नेताओं की रही मौजूदगी
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष हरेकृष्णा प्रधान, जिला महामंत्री राकेश मिश्रा, जिला उपाध्यक्ष देवेश महापात्रा, जिला मंत्री सतीश शर्मा और ललन शुक्ला, जिला कोषाध्यक्ष बलदेव मंडल, जिला मीडिया प्रभारी गुरजीत सिंह, मंडल अध्यक्ष गणेश कालिंदी तथा मंडल महामंत्री संजीव कुमार सिंह सहित अन्य लोग उपस्थित थे।

