जमशेदपुर। लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर शहर के विभिन्न घाटों पर नागरिक सुविधाओं की तैयारियों का जायजा लेने के लिए झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) की पूर्वी सिंहभूम जिला समिति के प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को कई छठ घाटों का दौरा किया। जिला अध्यक्ष विक्टर सोरेन के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने घाटों पर साफ-सफाई, सुरक्षा और श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की स्थिति का अवलोकन किया।
प्रतिनिधिमंडल ने सोनारी दोमुहानी, मानगो गांधी घाट, बेल्डीह लेक, कपाली घाट, कदमा बनर्जी घाट और भुईयांडीह घाट सहित विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण किया। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने नागरिक सुविधाओं से जुड़े कार्यों में हो रही देरी और व्यवस्थागत खामियों पर चिंता जताई।
झामुमो नेताओं ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देशानुसार छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं के लिए बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराना जिला प्रशासन और संबंधित शासी निकायों की जिम्मेदारी है। इसके बावजूद घाटों पर तैयारियों में विलंब और कुछ व्यवस्थागत त्रुटियां देखने को मिली हैं।
उपायुक्त के समक्ष उठेंगे घाटों के मुद्दे
झामुमो जिला समिति ने इन समस्याओं को लेकर मंगलवार को जिला उपायुक्त सहित अन्य सक्षम पदाधिकारियों से मुलाकात करने का निर्णय लिया है। प्रतिनिधिमंडल प्रशासन के समक्ष घाटों पर आवश्यक नागरिक सुविधाओं की उपलब्धता, व्यवस्थागत खामियों और लंबित कार्यों को जल्द पूरा कराने की मांग रखेगा।
पार्टी नेताओं का कहना है कि छठ महापर्व में बड़ी संख्या में श्रद्धालु घाटों पर पहुंचते हैं। ऐसे में व्रतियों की सुविधा, स्वच्छता और सुरक्षित व्यवस्था सुनिश्चित करना प्राथमिकता होनी चाहिए।
प्रतिनिधिमंडल में ये नेता रहे शामिल
दौरे के दौरान झामुमो के केंद्रीय प्रवक्ता कुणाल षाडंगी, वरिष्ठ नेता वीर सिंह सुरेन, खुद्दू उरांव, अजय रजक, नासिर खान, प्रीतम हेंब्रम, अभय पाण्डेय, सुशील हेंब्रम, गोपाल महतो, अंकित सिंह, प्रहलाद लोहरा, चंद्रशेखर महतो, सपन राय, इंदरपाल सिंह भाटिया, प्राणेश भट्टाचार्य, आशीष सिंह, इंद्रजीत लोहारा और हरीश बेहरा समेत कई कार्यकर्ता उपस्थित थे।


