आदित्यपुर। महापर्व छठ को देखते हुए आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र में साफ-सफाई, ब्लीचिंग पाउडर के छिड़काव और छठ घाटों तक पहुंचने वाले रास्तों को दुरुस्त करने की मांग उठाई गई है। इस संबंध में झारखंड लीगल एडवाइजरी एंड डेवलपमेंट ऑर्गेनाइजेशन एवं जन कल्याण मोर्चा के प्रतिनिधिमंडल ने सरायकेला-खरसावां के उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा।
प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि 13 नवंबर 2026 को नहाय-खाय के साथ छठ महापर्व शुरू होने से पहले आदित्यपुर नगर निगम के सभी 35 वार्डों में व्यापक सफाई अभियान चलाया जाए और ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव कराया जाए। विशेष रूप से वार्ड संख्या 28 में खरकाई नदी के किनारे महीनों से जमा सैकड़ों टन कचरे को हटाने की मांग की गई। प्रतिनिधिमंडल ने पथ संख्या 7 से नदी स्थित छठ घाट तक जाने वाले रास्ते को भी सुगम बनाने पर जोर दिया।
READ MORE :ADITYAPUR NEWS: छठ घाट जाने वाले रास्ते पर सफाई के नाम पर खानापूर्ति, भाजपा नेता सतीश शर्मा ने नगर निगम को घेरा
दो महीने में कचरा निस्तारण की स्थायी व्यवस्था की मांग
ज्ञापन में नगर निगम क्षेत्र के कचरे के निष्पादन के लिए अधिकतम दो महीने के भीतर स्थायी समाधान और रीसाइक्लिंग की व्यवस्था करने की मांग की गई। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि नदी किनारे जमा कचरे को हटाना जरूरी है, ताकि राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) के नियमों का उल्लंघन न हो और खरकाई नदी का पानी स्वच्छ बना रहे।
संस्था ने चेतावनी दी कि यदि दो महीने के भीतर कचरे के निस्तारण की स्थायी व्यवस्था नहीं की गई और नदी किनारे जमा कचरा नहीं हटाया गया, तो जनहित में सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रतिनिधिमंडल ने इसे नदी के अस्तित्व और पर्यावरण संरक्षण से जुड़ा महत्वपूर्ण मुद्दा बताया।
READ MORE :ADITYAPUR NEWS: चुना भट्टा बस्ती में पारंपरिक तरीके से हो रही मां काली की पूजा, चंपाई सोरेन ने किया पंडाल का उद्घाटन
डीसी ने घाटों की व्यवस्था दुरुस्त करने का दिया भरोसा
उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि छठ व्रतियों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने सभी छठ घाटों को दुरुस्त करने और जरूरी जनसुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए आदित्यपुर नगर निगम को निर्देश देने की बात कही। डीसी ने यह भी कहा कि वे स्वयं घाटों का निरीक्षण कर व्रतियों के लिए आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित कराने का प्रयास करेंगे।
प्रतिनिधिमंडल ने आदित्यपुर नगर निगम के नगर आयुक्त को भी ज्ञापन सौंपा। नगर आयुक्त ने बताया कि निगम क्षेत्र में साफ-सफाई बनाए रखने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। छठ घाटों की सफाई और पथ प्रकाश की व्यवस्था का काम शुरू कर दिया गया है। उन्होंने आम लोगों से नगर निगम और प्रशासन को सहयोग करने की अपील भी की।
प्रतिनिधिमंडल में झारखंड लीगल एडवाइजरी एंड डेवलपमेंट ऑर्गेनाइजेशन एवं जन कल्याण मोर्चा के अध्यक्ष अधिवक्ता ओम प्रकाश, संस्था के प्रवक्ता सह आदित्यपुर अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष दीपेंद्र नाथ ओझा, आदित्यपुर नगर झारखंड मुक्ति मोर्चा के अध्यक्ष वीरेंद्र प्रधान और अधिवक्ता रिंकू सिन्हा शामिल थे।

