आदित्यपुर। लंबे इंतजार के बाद आदित्यपुर नगर क्षेत्र की नवनिर्मित कालीकृत सड़कों पर ऑक्टागोनल पोल के माध्यम से एलईडी स्ट्रीट लाइटें रोशन हो गई हैं। सड़कों पर रोशनी की व्यवस्था शुरू होने से स्थानीय लोगों में खुशी है। इसे क्षेत्र में सड़क और प्रकाश व्यवस्था से जुड़ी पुरानी समस्या के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
इस परियोजना को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री चम्पाई सोरेन ने कहा कि आदित्यपुर के लोगों की सड़क संबंधी समस्याओं को देखते हुए मुख्यमंत्री बनने के बाद उन्होंने इस योजना को पथ निर्माण विभाग के माध्यम से पूरा कराने का निर्देश दिया था। अब सड़कों पर अत्याधुनिक एलईडी स्ट्रीट लाइटें जलने के साथ उस पहल का परिणाम सामने आया है।
READ MORE :ADITYAPUR NEWS: छठ से पहले आदित्यपुर के 35 वार्डों में सफाई की मांग, खरकाई नदी किनारे जमा कचरा हटाने को डीसी को सौंपा ज्ञापन
पांच महीने के कार्यकाल में विकास योजनाओं की शुरुआत का दावा
चम्पाई सोरेन ने अपने मुख्यमंत्री के रूप में पांच महीने के कार्यकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि इस दौरान सरायकेला विधानसभा क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण विकास योजनाओं की शुरुआत की गई। इनमें सरायकेला में बड़े अस्पताल का निर्माण, पार्क, ग्रामीण क्षेत्रों को मुख्य सड़कों से जोड़ने के लिए बेहतर सड़कें, स्कूलों का उन्नयन और प्रत्येक प्रखंड में डिग्री कॉलेज की पहल शामिल है।
उन्होंने दावा किया कि विकास कार्यों के मामले में सरायकेला विधानसभा क्षेत्र पिछले कुछ वर्षों में राज्य के अग्रणी क्षेत्रों में शामिल हुआ है।
READ MORE :ADITYAPUR NEWS: छठ घाट जाने वाले रास्ते पर सफाई के नाम पर खानापूर्ति, भाजपा नेता सतीश शर्मा ने नगर निगम को घेरा
जनकल्याणकारी योजनाओं को भी बताया उपलब्धि
पूर्व मुख्यमंत्री ने मईया सम्मान योजना, 200 यूनिट मुफ्त बिजली, अबुआ आवास, किसानों की दो लाख रुपये तक की ऋण माफी, मुख्यमंत्री ग्राम गाड़ी योजना और अबुआ स्वास्थ्य सुरक्षा योजना को भी अपने पांच महीने के कार्यकाल की उपलब्धियों में शामिल बताया।
आदित्यपुर की सड़कों पर एलईडी स्ट्रीट लाइटें शुरू होने के बाद स्थानीय नागरिकों ने इस पहल के लिए चम्पाई सोरेन के प्रति आभार जताया। लोगों को उम्मीद है कि नई रोशनी से रात के समय आवागमन अधिक सुविधाजनक होगा।

