रांची / जमशेदपुर: झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की केंद्रीय समिति ने एक बड़ा संगठनात्मक फैसला लेते हुए पूर्वी सिंहभूम और गुमला जिले के लिए अपनी नई जिला समितियों की आधिकारिक घोषणा कर दी है। पंचायत, वार्ड, प्रखंड और नगर समितियों के सफल गठन के उपरांत संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत करने के उद्देश्य से यह कदम उठाया गया है। 30 अप्रैल 2026 को झामुमो के महासचिव विनोद कुमार पांडेय द्वारा इस संबंध में औपचारिक कार्यालय आदेश जारी कर दिया गया है। नई कमिटी में अनुभवी नेताओं के साथ-साथ कई नए चेहरों को भी अहम जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
पूर्वी सिंहभूम जिला समिति: विक्टर सोरेन को मिली कमान लौहनगरी जमशेदपुर (पूर्वी सिंहभूम) में पार्टी को धारदार बनाने के लिए जिला अध्यक्ष की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी विक्टर सोरेन को सौंपी गई है। पूर्वी सिंहभूम की पूरी नई कार्यकारिणी इस प्रकार है:
अध्यक्ष: विक्टर सोरेन
उपाध्यक्ष: सागेन पूर्ति, प्रणव महतो, ललित मांडी, विद्यासागर दास
सचिव: रतन महतो
संगठन सचिव: चन्द्रशेखर टुडू, नसीर खान
सह सचिव: जलील, मानिक मल्लिक
कोषाध्यक्ष: कालीपदो गोराई
गुमला जिला समिति: भूषण तिर्की बने अध्यक्ष पूर्वी सिंहभूम के साथ ही पार्टी ने गुमला जिले के संगठन का भी पुनर्गठन किया है। गुमला में अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी भूषण तिर्की को दी गई है। गुमला जिला की टीम इस प्रकार है:
अध्यक्ष: भुषण तिर्की
उपाध्यक्ष: नुरुल होदा, शशी साव
सचिव: आरिफ अंसारी
संगठन सचिव: रंजीत सिंह
सह सचिव: सुधी राम किसान
कोषाध्यक्ष: खुर्शीद आलम उर्फ पप्पु
संगठन विस्तार के लिए जल्द बैठक का निर्देश पार्टी महासचिव विनोद कुमार पांडेय द्वारा जारी निर्देश में नवगठित जिला समिति के पदाधिकारियों को स्पष्ट आदेश दिया गया है कि वे अपने जिले के अंतर्गत आने वाले केंद्रीय समिति के पदाधिकारियों और केंद्रीय सदस्यों के साथ जल्द से जल्द एक संयुक्त बैठक करें। इस बैठक में विचार-विमर्श के उपरांत, पूर्व में जारी दिशा-निर्देशों (पत्रांक JMM/005/F-54/2025-2026) का पालन करते हुए जिला समिति के आगे के विस्तार के लिए उपयुक्त पदाधिकारियों के नामों की अनुशंसा केंद्रीय कार्यालय को यथाशीघ्र भेजें, ताकि जिला समिति का पूर्ण रूप से गठन किया जा सके।
महासचिव विनोद कुमार पांडेय ने दी शुभकामनाएं आदेश पत्र के अंत में महासचिव विनोद कुमार पांडेय ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने विश्वास जताया है कि सभी नवनियुक्त पदाधिकारी अपनी संगठनात्मक कर्मठता का पूरा उपयोग करते हुए पार्टी की मजबूती के लिए कार्य करेंगे और अनुशासन की परिधि में रहकर कार्यकर्ताओं के साथ मधुर संबंध स्थापित करेंगे। आगामी चुनावों और राजनीतिक चुनौतियों को देखते हुए झामुमो का यह संगठनात्मक फेरबदल काफी अहम माना जा रहा है।



