
जमशेदपुर/नई दिल्ली। झारखंड की उपराजधानी और औद्योगिक शहर जमशेदपुर की रचनात्मकता को अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक नई पहचान मिली है। देश की राजधानी नई दिल्ली स्थित ‘यशोभूमि’ (भारत अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन एवं प्रदर्शनी केंद्र) में आयोजित ‘भारत बिल्डकॉन 2026’ में जमशेदपुर की प्रसिद्ध कलाकार और ‘फ्लेमिनआर्ट’ (FlaminArt) की संस्थापक सुमन प्रसाद ने अपनी उत्कृष्ट कला का लोहा मनवाया है। ब्रिक्स (BRICS) और ब्रिक्स प्लस देशों की उच्चस्तरीय भागीदारी वाले इस महाआयोजन में सुमन प्रसाद की अनूठी कलाकृतियां पूरे कार्यक्रम में विशेष आकर्षण का केंद्र बनी रहीं।

10 से अधिक देशों के प्रतिनिधियों के सामने दिखाई झारखंड की धमक
इस वैश्विक प्रदर्शनी में ब्राजील, रूस, चीन, दक्षिण अफ्रीका, मिस्र, इथियोपिया, ईरान, सऊदी अरब, संयुक्त अरब अमीरात (UAE) और इंडोनेशिया सहित दुनिया के कई दिग्गज देशों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। इतने बड़े अंतरराष्ट्रीय मंच पर सुमन प्रसाद ने न सिर्फ जमशेदपुर, बल्कि पूरे झारखंड की समृद्ध कला और भारतीय सृजनशीलता का बेहद प्रभावशाली तरीके से प्रतिनिधित्व किया। विदेशी मेहमानों और कला पारखियों ने उनकी रचनात्मकता और बारीकी की जमकर सराहना की।
भित्ति कलाओं और 3D कैनवास ने मोहा सबका मन
सुमन प्रसाद के नेतृत्व वाली संस्था ‘फ्लेमिनआर्ट’ ने निर्माण क्षेत्र के जाने-माने पेशेवर संगठन ‘पीपुल ऑफ कंस्ट्रक्शन नेटवर्क क्लब’ के विशेष सहयोग से इस आयोजन में हिस्सा लिया था। प्रदर्शनी के दौरान उनके स्टॉल पर प्रस्तुत विशेष भित्ति कलाएं (Mural Arts), उभरी हुई 3D कलाकृतियां (Relief Artworks) और प्रीमियम कैनवास पेंटिंग्स ने वहां मौजूद हर आगंतुक को मंत्रमुग्ध कर दिया। उनकी कलाकृतियों में आधुनिक तकनीक और पारंपरिक भारतीय संस्कृति का बेहतरीन संगम देखने को मिला।
उद्योग जगत के दिग्गजों से हुआ सीधा संवाद
इस प्रतिष्ठित एक्सपो के दौरान सुमन प्रसाद ने देश-विदेश के चोटी के वास्तुकारों (Architects), इंटीरियर डिजाइनरों, नामी बिल्डरों, रियल एस्टेट डेवलपर्स और उद्योग जगत के कई बड़े प्रतिनिधियों के साथ सीधा संवाद स्थापित किया। व्यापार और कला के इस अनूठे मिलन में सुमन के कार्यों को न केवल सराहा गया, बल्कि भविष्य के कई बड़े प्रोजेक्ट्स के लिए उनके काम को एक नए ट्रेंड के रूप में देखा जा रहा है।
READ MORE :JAMSHEDPUR NEWS: एशिया कप में सोना जीतने वाले NTHA के सितारों का हुआ भव्य स्वागत
‘यह जमशेदपुर और झारखंड के हर कलाकार की जीत है’
अपनी इस बड़ी अंतरराष्ट्रीय उपलब्धि पर खुशी जाहिर करते हुए सुमन प्रसाद ने कहा कि इतने बड़े वैश्विक मंच पर अपनी कला को प्रस्तुत करना उनके लिए अत्यंत गर्व का विषय है। उन्होंने इसे सिर्फ अपनी सफलता न मानते हुए जमशेदपुर और पूरे झारखंड की रचनात्मक प्रतिभाओं की पहचान बताया। कला जगत के विशेषज्ञों का मानना है कि यह उपलब्धि झारखंड की स्थानीय कला को ग्लोबल मार्केट में स्थापित करने की दिशा में एक मील का पत्थर साबित होगी।


