
जमशेदपुर: नामदा बस्ती स्थित गुरुद्वारा साहिब में रंगरेटा महासभा एवं नामदा बस्ती गुरुद्वारा कमेटी के संयुक्त तत्वावधान में एक भव्य धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम तख्त सचखंड श्री हजूर साहिब की तीर्थयात्रा के सकुशल संपन्न होने और शिरोमणि शहीद बाबा जीवन सिंह के प्रकाश दिहाड़े पर आयोजित ‘चेतना मार्च’ की अपार सफलता के उपलक्ष्य में ‘शुकराना अरदास’ एवं सम्मान समारोह के रूप में मनाया गया।
READ MORE :Jamshedpur News :वर्ल्ड सुसाइड प्रिवेंशन डे: YMCA की रैली में गूंजा संदेश, ‘आपकी एक बातचीत बचा सकती है किसी की जान’
सहयोगियों और समाजसेवियों को किया गया सम्मानित
बीते 2 सितंबर को रंगरेटा महासभा के बैनर तले हजूर साहिब के दर्शन हेतु रवाना हुआ 500 श्रद्धालुओं का जत्था सकुशल वापस लौटा है। इस यात्रा को सुगम और सफल बनाने में सहयोग देने वालों को नामदा बस्ती गुरुद्वारा में ‘स्रोपा’ भेंट कर सम्मानित किया गया।
बिलासपुर रेलवे स्टेशन पर श्रद्धालुओं के लिए लंगर की उत्कृष्ट व्यवस्था करने पर सतबीर सिंह गोल्डी, पूजा कौर और दयालबंद गुरुद्वारा कमेटी को सम्मानित किया गया (उनकी अनुपस्थिति में यह सम्मान शैलेंद्र सिंह ने प्राप्त किया)।
इसके अलावा, सेंट्रल गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (सीजीपीसी) और सेंट्रल स्त्री सभा के पदाधिकारियों व समाजसेवियों को भी उनकी सराहनीय सेवाओं के लिए सम्मानित किया गया।
READ MORE :Jamshedpur News :XLRI ने Financial Times MiM 2026 रैंकिंग में लगाई 25 पायदान की छलांग, वैश्विक स्तर पर हासिल किया 33वां स्थान
धार्मिक यात्राओं से बढ़ रही है संगतों की भागीदारी
रंगरेटा महासभा के प्रदेश अध्यक्ष मनजीत सिंह गिल ने यात्रा में सहयोग करने वाले सभी संस्थाओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस वर्ष लगभग 500 श्रद्धालुओं ने यात्रा में भाग लिया है और आने वाले वर्षों में यह संख्या हजारों में पहुंचेगी।
समारोह में पहुंचे सीजीपीसी के चेयरमैन शैलेंद्र सिंह ने महासभा की सराहना करते हुए कहा कि रंगरेटा महासभा श्रद्धालुओं को ऐतिहासिक गुरुद्वारों के दर्शन कराकर नया कीर्तिमान स्थापित कर रही है।
सीजीपीसी के पूर्व प्रधान गुरमुख सिंह मुखे ने संगतों को आश्वस्त किया कि भविष्य में धार्मिक यात्राओं के लिए श्रद्धालुओं को और भी बेहतर सुविधाएं प्रदान की जाएंगी।
कार्यक्रम का कुशल मंच संचालन नामदा बस्ती गुरुद्वारा के प्रधान दलजीत सिंह ने किया। इस दौरान शैलेंद्र सिंह, गुरमुख सिंह मुखे, त्रिलोक सिंह, जसवीर सिंह पदरी, कमलजीत कौर सहित भारी संख्या में संगत उपस्थित थी।


