

जमशेदपुर। एहसीन इंटरनेशनल स्कूल परिसर में शनिवार को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर विशेष योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए योगाभ्यास किया और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।
इस अवसर पर वेलनेस एवं योग कोच बिंदु प्रसाद ने विद्यार्थियों को योग के महत्व तथा इसके शारीरिक और मानसिक लाभों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास से शरीर स्वस्थ, मन शांत और जीवन संतुलित बना रहता है। इसके बाद छात्र-छात्राएं निर्धारित पोशाक में योगा मैट के साथ कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे और पूरे उत्साह व अनुशासन के साथ योग सत्र में शामिल हुए। बिंदु प्रसाद के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने वृक्षासन, सुखासन सहित कई योग मुद्राओं का अभ्यास किया।

