
निनाद और तुलसी भवन का संयुक्त आयोजन
जमशेदपुर.
निनाद और तुलसी भवन के संयुक्त तत्वावधान में गुरुवार शाम साहित्यिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम ‘सफर’ का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ. इस दौरान युवा साहित्यकारों और कलाकारों ने कविता, कहानी, हास्य, बीटबॉक्सिंग और संगीत की प्रस्तुतियों से दर्शकों का मनोरंजन किया.
कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. प्रसेनजित तिवारी ने की. मुख्य अतिथियों के रूप में सुभाषचंद्र मूनका, डॉ. रागिनी भूषण और डॉ. अजय ओझा उपस्थित रहे. कार्यक्रम का प्रारंभिक संचालन शुभम पांडेय ने किया.
युवाओं की रचनात्मक प्रतिभा ने जीता दिल
कार्यक्रम में युवा प्रतिभाओं ने अपनी रचनात्मकता का भरपूर प्रदर्शन किया. प्रस्तुतियां देने वालों में क्षमाश्री, हृदयांश राज, कुनाल, हास्य कलाकार जय कुमार शाही, बीटबॉक्सर द डार्कवॉइस, रिया बंका और अतुल शामिल रहे. कविता और कहानी के साथ हास्य तथा बीटबॉक्सिंग की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को विविध रंग दिया.
निनाद’ की सक्रिय सदस्य क्षमाश्री दुबे को सम्मान
इस अवसर पर अपने करियर के नए सफर पर निकल रही ‘निनाद’ की सक्रिय सदस्य क्षमाश्री दुबे को सम्मानित किया गया. कार्यक्रम के दौरान उनके नए सफर के लिए शुभकामनाएं दी गईं.
‘निनाद’ का मंच युवाओं को समर्पित
निनाद की अध्यक्ष पूनम महानन्द और महासचिव निशांत सिंह ने बताया कि संस्था हर महीने ‘ओपन माइक’ के साथ-साथ विभिन्न विद्यालयों में भी साहित्यिक कार्यक्रमों का आयोजन कर रही है. इसका उद्देश्य युवाओं की साहित्यिक और कलात्मक प्रतिभाओं को मंच उपलब्ध कराना है. उन्होंने कहा कि ‘निनाद’ युवा कला और साहित्य को प्रोत्साहित करने की दिशा में लगातार काम कर रहा है.


