
जमशेदपुर।


शहर के प्रतिष्ठित उद्यमी देवांग गांधी के सुपुत्र कैरव गांधी के पिछले पाँच दिनों से लापता होने की घटना ने पूरे शहर को गहरी चिंता में डाल दिया है। इसी गंभीर विषय को लेकर शुक्रवार को बिष्टुपुर स्थित चैंबर भवन में शहर के प्रमुख व्यापारिक, सामाजिक एवं औद्योगिक संगठनों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में बड़ी संख्या में संगठनों के प्रतिनिधि एवं नागरिक उपस्थित रहे और सभी ने एक स्वर में कैरव गांधी की सुरक्षित बरामदगी की कामना की।
READ MORE :JAMSHEDPUR NEWS :केरव गांधी के अपहरण की घटना अत्यंत चिंताजनक- काली शर्मा
पुलिस प्रशासन पर जताया गया भरोसा
बैठक में मौजूद सभी संगठनों ने जमशेदपुर पुलिस प्रशासन, विशेष रूप से एसएसपी, सिटी एसपी एवं उनकी पूरी टीम पर पूर्ण विश्वास व्यक्त किया। उपस्थितजनों ने कहा कि उन्हें भरोसा है कि पुलिस प्रशासन पूरी तत्परता और निष्ठा के साथ कार्य कर रहा है और जल्द ही कैरव गांधी को सकुशल उनके परिवार तक पहुंचाया जाएगा। सभी ने ईश्वर से प्रार्थना की कि प्रशासन को इस चुनौतीपूर्ण कार्य में सफलता मिले।
सिंहभूम चैंबर का समर्थन
सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के अध्यक्ष मानव केडिया ने कहा कि इस कठिन समय में चैंबर पूरी मजबूती से गांधी परिवार के साथ खड़ा है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार हम सीमाओं पर किसी भी घटना के समय देश की सेना पर भरोसा रखते हैं, उसी प्रकार राज्य के संवेदनशील मामलों में पुलिस प्रशासन पर विश्वास बनाए रखना चाहिए। चैंबर प्रशासन और परिवार के साथ समन्वय बनाकर आगे की रणनीति तय करेगा।
READ MORE :Jamshedpur News :अपहृत कैरव गांधी के परिजनों से मिले सुदेश महतो, कानून-व्यवस्था पर उठाए सवाल ,परिजनों से मिलकर बंधाया ढांढस
वरिष्ठ अधिकारियों के हस्तक्षेप की मांग
उपाध्यक्ष जनसंपर्क एवं कल्याण अभिषेक अग्रवाल ‘गोल्डी’ ने मामले की गंभीरता को देखते हुए राज्य के मुख्य सचिव, पुलिस महानिदेशक (DGP) और आईजी स्तर के अधिकारियों से हस्तक्षेप की आवश्यकता जताई, ताकि कैरव गांधी को शीघ्र और सुरक्षित रूप से बरामद किया जा सके।
आंदोलन से बचने की अपील
चैंबर के पूर्व अध्यक्ष उमेश कौंतिया ने कहा कि इस तरह की घटनाएं झारखंड के युवाओं को अपने ही राज्य में लौटने से हतोत्साहित करती हैं, जो चिंता का विषय है। वहीं पूर्व अध्यक्ष विजय आनंद मूणका ने पुलिस प्रशासन के प्रयासों पर भरोसा बनाए रखने और किसी भी प्रकार के आंदोलन या धरना-प्रदर्शन से बचते हुए सहयोग की भावना से काम करने की अपील की।
सर्वसम्मति से सहयोग का संकल्प
बैठक के अंत में सभी संगठनों और नागरिकों ने एक स्वर में कैरव गांधी की शीघ्र एवं सुरक्षित बरामदगी की कामना की और पुलिस प्रशासन को हरसंभव सहयोग देने का संकल्प लिया। पूरे शहर ने इस संवेदनशील घड़ी में एकजुटता का परिचय दिया।



