
जमशेदपुर। पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं सुदेश महतो आज जमशेदपुर पहुंचे और शहर के प्रसिद्ध व्यवसायी तथा आदित्यपुर स्मॉल इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के उपाध्यक्ष देवांग गांधी के आवास पर जाकर उनके अपहृत पुत्र कैरव गांधी के परिजनों से मुलाकात की। इस दौरान श्री महतो ने परिजनों को ढांढस बंधाया और कैरव गांधी की सकुशल वापसी के लिए अपने स्तर से हरसंभव प्रयास करने का भरोसा दिलाया।
READ MORE :Jamshedpur News :कदमा में कांग्रेस की संगठनात्मक सशक्तिकरण बैठक, बूथ स्तर पर मजबूती का आह्वान – बन्ना गुप्ता
40 मिनट तक परिजनों के साथ रहे
सुदेश महतो लगभग 40 मिनट तक देवांग गांधी के आवास पर रुके और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। इस दौरान परिवार के सदस्यों से विस्तार से बातचीत कर उन्हें मानसिक संबल दिया। उनके साथ पूर्व मंत्री रामचंद्र सहिस, केंद्रीय उपाध्यक्ष प्रवीण प्रभाकर, महासचिव हरेलाल महतो, नंदू पटेल, जिलाध्यक्ष कन्हैया सिंह समेत आजसू पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
सरकार पर तीखा हमला
परिजनों से मुलाकात के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए सुदेश महतो ने राज्य सरकार और कानून-व्यवस्था पर कड़ा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि जब राज्य में असुरक्षा का माहौल बना रहेगा, तो मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के विदेश दौरे का क्या फायदा? राज्य सरकार अपनी जिम्मेदारियों से भाग नहीं सकती।
निवेश पर भी उठे सवाल
श्री महतो ने कहा कि मुख्यमंत्री निवेश की संभावनाएं तलाशने के लिए विदेश भ्रमण कर रहे हैं और लंदन व दावोस जैसे स्थानों पर जा रहे हैं, लेकिन यदि राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति नहीं सुधरी तो ऐसे दौरे व्यर्थ साबित होंगे। उन्होंने कहा कि खराब कानून व्यवस्था के माहौल में कोई भी निवेशक राज्य में निवेश करने नहीं आएगा।
READ MORE :Jamshedpur News :नई दिल्ली में भाजपा राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नवीन सेअर्जुन मुंडा की शिष्टाचार मुलाकात, संगठनात्मक मजबूती व झारखंड की राजनीति पर हुई चर्चा
अपराध से भयभीत जनता
उन्होंने आगे कहा कि राज्य में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं से व्यवसायी वर्ग और आम जनता दोनों में भय और असुरक्षा का वातावरण बन गया है। कानून-व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त होती नजर आ रही है। लोग डर के साये में जीवन जीने को मजबूर हैं। इन घटनाओं को रोकने की पूरी जिम्मेदारी पुलिस प्रशासन और राज्य सरकार की है।
कई नेता रहे मौजूद
इस अवसर पर सत्यनारायण महतो, सुखबीर सिंह सिरे, अप्पू तिवारी, विमल मौर्या, मंटू शुक्ला, ललित सिंह, चंद्रेश्वर पांडेय, दुर्योधन महतो समेत अन्य कई नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में कैरव गांधी की शीघ्र एवं सकुशल वापसी की कामना की।


