
जमशेदपुर: फ्रेंड्स ऑफ ट्राइबल्स सोसाइटी (FTS) जमशेदपुर चेप्टर की मासिक बैठक बुधवार को तुलसी भवन में सफलतापूर्वक संपन्न हुई। राजेश मित्तल की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में सत्र 2026-27 के लिए चेप्टर की कार्ययोजना और विभिन्न समाज सेवा गतिविधियों पर विस्तार से मंथन किया गया। इसका मुख्य उद्देश्य ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्रों में शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करना है।


READ MORE :JAMSHEDPUR NEWS: माय भारत पोर्टल पर युवाओं के पंजीकरण को लेकर अहम बैठक, उपायुक्त ने दिए निर्देश
नए पदाधिकारियों का हुआ जोरदार स्वागत
बैठक की शुरुआत में कार्यकारी अध्यक्ष सुनील बागरोड़िया ने नवनियुक्त पदाधिकारियों का सभी सदस्यों से परिचय कराया। सत्र 2026-27 के लिए संजय गोयल को सचिव और मनीष मूनका को कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। उपस्थित सदस्यों ने नई टीम का गर्मजोशी से स्वागत करते हुए उनके सफल कार्यकाल की शुभकामनाएँ दीं।
जमशेदपुर चेप्टर को सर्वश्रेष्ठ बनाने का संकल्प
नवनियुक्त सचिव संजय गोयल ने सत्र 2026-27 के लिए चेप्टर का विज़न प्रस्तुत किया। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि इस वर्ष सदस्यों की सहभागिता बढ़ाने, फंडरेजिंग के नए माध्यम विकसित करने और घाटशिला अंचल के ‘एकल विद्यालयों’ (Ekal Vidyalayas) के साथ बेहतर तालमेल स्थापित करने पर काम किया जाएगा। उन्होंने सभी के सहयोग से जमशेदपुर चेप्टर को देशभर में सर्वश्रेष्ठ बनाने का संकल्प लिया।
वन यात्रा और चिकित्सा शिविर की विस्तृत रूपरेखा
समाज सेवा को धरातल पर उतारने के लिए कमल गुप्ता ने वन यात्रा और चिकित्सा शिविर की कार्ययोजना पेश की। उन्होंने बताया कि वर्ष भर कई वन यात्राओं का आयोजन होगा, जिसमें नए सदस्यों को भी जोड़ा जाएगा। इसके अलावा, सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधा पहुँचाने के लिए नियमित चिकित्सा शिविर लगाए जाएंगे।
READ MORE :Bihar Railway News :रेलवे का बड़ा फैसला, बेंगलूरु, चर्लपल्ली और देवघर जाने वाले यात्रियों को मिलेगी अतिरिक्त सुविधा
एकल विद्यालय अभियान और डिजिटल प्रचार पर जोर
ममता बकरेवाल ने चेप्टर की डिजिटल और मीडिया उपस्थिति को लेकर अपनी रणनीति साझा की। उन्होंने कहा कि सोशल, इलेक्ट्रॉनिक और प्रिंट मीडिया के जरिए अधिकाधिक लोगों को एफटीएस और एकल विद्यालय अभियान से जोड़ा जाएगा। वहीं, अखिश दुबे ने चेप्टर, अंचल और सांच के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर घाटशिला के एकल विद्यालयों के संचालन को अधिक प्रभावी बनाने की बात कही।
फंडिंग और सदस्यता अभियान की अपील
कोषाध्यक्ष मनीष मूनका ने सदस्यता शुल्क और संक्रांति निधि संग्रहण का विषय रखा और सभी से समय पर इसे जमा करने का आग्रह किया ताकि सेवा कार्य निर्बाध रूप से चलते रहें। बैठक में दानदाता सम्मान, ओटीएस संकल्प दान अभियान और सांस्कृतिक कार्यक्रमों पर भी चर्चा हुई। अंत में मनीष मूनका ने धन्यवाद ज्ञापन करते हुए सभी से निरंतर सहयोग की अपील की।



