
पटना: यात्रियों की लगातार बढ़ती भीड़ और यात्रा मांग को देखते हुए भारतीय रेलवे ने दानापुर से बेंगलूरु, चर्लपल्ली तथा सरायगढ़ से देवघर के बीच संचालित स्पेशल ट्रेनों की परिचालन अवधि बढ़ाने का निर्णय लिया है। इसके साथ ही 17 जुलाई 2026 को पटना से अहमदाबाद के लिए भी एक विशेष ट्रेन चलाई जाएगी। रेलवे के इस फैसले से बिहार, झारखंड, तेलंगाना, कर्नाटक और गुजरात की यात्रा करने वाले हजारों यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।


READ MORE :Indian Railways Special Trains :यात्रियों के लिए बड़ी राहत, 5 जोड़ी स्पेशल ट्रेनों की परिचालन अवधि में हुआ विस्तार, देखें पूरी लिस्ट
दानापुर-बेंगलूरु स्पेशल अगस्त तक चलेगी
रेलवे के अनुसार ट्रेन संख्या 03251/03252 दानापुर–एसएमवीबी (बेंगलूरु) स्पेशल का परिचालन अब 17 जुलाई से 31 अगस्त 2026 तक जारी रहेगा। यह ट्रेन प्रतिदिन चलेगी, हालांकि 27 जुलाई और 1 अगस्त को इसका संचालन नहीं होगा।
दानापुर से यह ट्रेन दोपहर 3:00 बजे रवाना होकर डीडीयू, प्रयागराज छिवकी, जबलपुर, नागपुर, विजयवाड़ा, पेरम्बूर और काटपाड़ी होते हुए तीसरे दिन 2:30 बजे बेंगलूरु पहुंचेगी। वापसी में यह ट्रेन 19 जुलाई से 2 सितंबर 2026 तक चलेगी। ट्रेन में 2 एसी के 2 कोच, 3 एसी के 3 कोच, 10 स्लीपर और 7 सामान्य श्रेणी के कोच उपलब्ध रहेंगे।
दानापुर-चर्लपल्ली स्पेशल के दो अतिरिक्त फेरे
रेलवे ने 07091/07092 दानापुर–चर्लपल्ली स्पेशल का परिचालन भी बढ़ाया है। यह स्पेशल ट्रेन 18 और 25 जुलाई को चर्लपल्ली से तथा 20 और 27 जुलाई को दानापुर से संचालित होगी।
यह ट्रेन डीडीयू, प्रयागराज छिवकी, जबलपुर, बालाघाट, गोंदिया, बल्लारशाह और रामागुंडम मार्ग से होकर चलेगी। यात्रियों की सुविधा के लिए इसमें 3 टू एसी, 5 थ्री एसी, 10 स्लीपर और 4 सामान्य श्रेणी के कोच लगाए गए हैं।
सरायगढ़-देवघर मेमू स्पेशल भी 31 अगस्त तक चलेगी
रेलवे ने 05573/05574 सरायगढ़–देवघर मेमू स्पेशल की परिचालन अवधि भी 16 जुलाई से 31 अगस्त 2026 तक बढ़ा दी है।
यह ट्रेन प्रतिदिन सरायगढ़, सुपौल, सहरसा, सिमरी बख्तियारपुर, मानसी, खगड़िया, मुंगेर, सुलतानगंज, भागलपुर और बांका होते हुए देवघर पहुंचेगी। वापसी में भी यही रूट रहेगा। सावन और धार्मिक यात्राओं के दौरान बाबा बैद्यनाथ धाम जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए यह निर्णय विशेष रूप से लाभकारी माना जा रहा है।
READ MORE :South Eastern Railway :यात्रियों के लिए खुशखबरी: टाटानगर में प्लेटफॉर्म का विस्तार, आदित्यपुर में बनेगा नया फुट ओवर ब्रिज
17 जुलाई को चलेगी पटना-अहमदाबाद स्पेशल ट्रेन
रेलवे ने यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए 17 जुलाई 2026 को 09448 पटना–अहमदाबाद स्पेशल ट्रेन चलाने की घोषणा की है। यह ट्रेन पटना से रात 10:30 बजे रवाना होकर डीडीयू, कानपुर, कोटा, रतलाम और छायापुरी होते हुए तीसरे दिन तड़के 2:20 बजे अहमदाबाद पहुंचेगी।
रेलवे अधिकारियों ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले ट्रेन का समय और सीट उपलब्धता की जानकारी अवश्य जांच लें। विस्तारित स्पेशल ट्रेनों से त्योहार, सावन और छुट्टियों के दौरान यात्रियों को बेहतर यात्रा सुविधा मिलने की उम्मीद है।


