जमशेदपुर।
मानगो स्थित गांधी घाट में मंगलवार (14 अप्रैल 2026) को धर्म रक्षिणी कोर कमेटी की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। वेद अनुशीलन केंद्र में दोपहर 12 बजे से आयोजित इस बैठक में आगामी 19 अप्रैल को मनाए जाने वाले भगवान परशुराम जन्मोत्सव की तैयारियों को लेकर व्यापक चर्चा की गई और सर्वसम्मति से कई अहम निर्णय लिए गए। बैठक की अध्यक्षता अध्यक्ष बिपिन झा ने की।
17 अप्रैल को मेधावी बच्चों का होगा सम्मान और बंटेगा वस्त्र
बैठक में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि भगवान परशुराम के जन्मोत्सव (19 अप्रैल) से ठीक दो दिन पूर्व, यानी 17 अप्रैल 2026 को वेद अनुशीलन केंद्र में एक भव्य और गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। सुबह 10 बजे से शुरू होने वाले इस विशेष कार्यक्रम में संघ से जुड़े सभी प्रतिष्ठित ज्योतिषाचार्यों को शॉल और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया जाएगा।
इसके साथ ही, समाज में शिक्षा को बढ़ावा देने और बच्चों का उत्साह बढ़ाने के उद्देश्य से संघ से जुड़े सदस्यों के मेधावी बच्चों को भी पुरस्कृत किया जाएगा। धर्म रक्षिणी कोर कमेटी ने अपने सामाजिक दायित्वों का निर्वहन करते हुए इसी दिन गरीब, जरूरतमंद और असहाय परिवारों के बीच वस्त्र वितरण करने का भी निर्णय लिया है।
READ MORE :South East Central Railway :ट्रेन को बेपटरी करने की साजिश या नादानी?
बिपिन झा की अध्यक्षता में बनी रणनीति, कई आचार्य रहे मौजूद
बैठक की जानकारी देते हुए प्रवक्ता पंडित मुन्ना पांडेय ने बताया कि इस वर्ष भगवान परशुराम जन्मोत्सव को बेहद भव्य तरीके से मनाने की तैयारी की जा रही है। समाज के सभी वर्गों को एक साथ जोड़ने और धर्म के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए यह सम्मान समारोह आयोजित किया जा रहा है।
अध्यक्ष बिपिन झा की अध्यक्षता में संपन्न हुई इस बैठक में कार्यक्रम की सफलता को लेकर अलग-अलग आचार्यों को जिम्मेदारियां भी सौंपी गईं। इस अहम बैठक में मुख्य रूप से कोषाध्यक्ष सुधीर झा, प्रवक्ता मुन्ना पांडेय, विशेश्वर पांडेय, संतोष पांडेय, दिलीप पांडेय, रामवदेश चौबे, रमेश पांडेय, परशुराम पांडेय, अजीत पांडेय और कृष्णा पांडे सहित कई अन्य आचार्य उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने का संकल्प लिया।





