
जमशेदपुर: आगामी स्वतंत्रता दिवस 2026 समारोह और विभिन्न राज्य स्तरीय शिविरों के सफल आयोजन को लेकर पूर्वी सिंहभूम जिला भारत स्काउट एवं गाइड की एक महत्वपूर्ण बैठक बुधवार, 5 अगस्त 2026 को संपन्न हुई। साकची आम बागान स्थित जिला मुख्यालय में आयोजित इस बैठक की अध्यक्षता संस्था की जिला उपाध्यक्ष पूर्वी घोष ने की। बैठक में मुख्य रूप से 15 अगस्त के राजकीय परेड में स्काउट-गाइड की सहभागिता सुनिश्चित करने और आगामी शिविरों की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई।


बैठक का कुशल संचालन जिला संगठन आयुक्त नरेश कुमार ने किया, जबकि कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा जिला सचिव चंद्रमणि मोदी ने प्रस्तुत की। धन्यवाद ज्ञापन डीटीओ ब्रह्मजीत कौर द्वारा किया गया।
राजकीय परेड में शामिल होंगी स्काउट-गाइड की टुकड़ियां
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले राजकीय परेड में जिले के विभिन्न विद्यालयों के कैडेट्स हिस्सा लेंगे। रीगल मैदान और पुलिस लाइन में होने वाली इस परेड में प्रत्येक प्रतिभागी विद्यालय से स्काउट, गाइड, रेंजर और रोवर का 1-1 दल शामिल होगा। इसके लिए सभी उपस्थित शिक्षक-शिक्षिकाओं ने अपनी सहमति प्रदान की। साथ ही, पूर्वी सिंहभूम जिला मुख्यालय में झंडोत्तोलन का समय प्रातः 10:00 बजे निर्धारित किया गया है।
शिविरों की तिथियां तय, जल्द बंटेगा राष्ट्रपति पुरस्कार
इस अहम बैठक में प्रथम सोपान, द्वितीय सोपान, तृतीय सोपान एवं राज्य पुरस्कार शिविरों के आयोजन की तिथियों को भी अंतिम रूप दिया गया। इसके अलावा, जिन होनहार स्काउट और गाइड बच्चों ने जिला एवं राज्य का प्रतिनिधित्व करते हुए प्रतिष्ठित ‘राष्ट्रपति पुरस्कार’ प्राप्त किया है, उन्हें सम्मानित करने पर भी चर्चा हुई। जल्द ही एक भव्य समारोह आयोजित कर इन बच्चों को प्रमाण पत्र वितरित किए जाएंगे, जिसके लिए स्थान और समय का निर्धारण अंतिम चरण में है।
READ MORE :JAMSHEDPUR NEWS: एनआईटी जमशेदपुर ने नेशनल ग्रीन यूनिवर्सिटी रैंकिंग 2026 में हासिल की गोल्ड रेटिंग, देश में 28वां स्थान
इन पदाधिकारियों और शिक्षकों की रही प्रमुख उपस्थिति
इस विशेष बैठक में जिले के 25 से अधिक विद्यालयों के स्काउट मास्टर और गाइड कैप्टन शामिल हुए। मुख्य रूप से डीटीसी गाइड ब्रम्हजीत कौर, डीटीसी स्काउट नीरज शुक्ला, कोषाध्यक्ष राजकुमार सिंह, जिला मुख्यालय आयुक्त शिवाजी सिंह और जिला आयुक्त (कब्स) श्याम शर्मा उपस्थित थे। इनके अलावा स्काउट मास्टर धीरज कुमार, रवि शंकर कुमार, सुनील कुमार, संदीप कुमार, अबोध सिंह, देवाशीष दास एवं गाइड कैप्टन रूमी महतो, साई मनी, स्निग्धा मुखर्जी, वीणा लकड़ा, नीलम टोप्पो, लतिका महतो और नीलू तिग्गा सहित बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाओं ने अपनी भागीदारी सुनिश्चित की।


