
ANAND KISHOR


जमशेदपुर/रांची: झारखंड में सुरक्षित यातायात और युवाओं को रोजगार से जोड़ने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मौजूदगी में झारखंड परिवहन विभाग और टाटा मोटर्स लिमिटेड के बीच इंस्टीट्यूट ऑफ ड्राइविंग, ट्रेनिंग एंड रिसर्च (IDTR), जमशेदपुर की स्थापना को लेकर समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए।
झारखंड मंत्रालय में आयोजित इस कार्यक्रम में हेमंत सोरेन ने कहा कि यह साझेदारी राज्य की परिवहन व्यवस्था को आधुनिक, सुरक्षित और कुशल बनाने में मील का पत्थर साबित होगी।
READ MORE..JAMSHEDPUR NEWS: टाटा स्टील रैकेट्स स्पोर्ट्स फेस्ट 2026 के दूसरे संस्करण का भव्य समापन, 365 खिलाड़ियों ने दिखाया दम
IDTR जमशेदपुर से खुलेंगे रोजगार के नए अवसर
IDTR की स्थापना से झारखंड के युवाओं को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप आधुनिक ड्राइविंग प्रशिक्षण मिलेगा। इससे न केवल युवाओं का कौशल विकास होगा, बल्कि देश-विदेश में उनके लिए रोजगार और स्वरोजगार के बेहतर अवसर सृजित होंगे। हेमंत सोरेन ने बताया कि वे इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए पिछले कई वर्षों से प्रयासरत थे। यह संस्थान सड़क सुरक्षा, अनुसंधान और नवाचार का भी मुख्य केंद्र बनेगा।
महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने पर विशेष जोर
राज्य सरकार ने महिलाओं की आर्थिक स्वतंत्रता और परिवहन क्षेत्र में उनकी भागीदारी बढ़ाने के लिए विशेष योजना बनाई है। महिलाओं के लिए ड्राइविंग प्रशिक्षण, लर्निंग लाइसेंस और पक्के ड्राइविंग लाइसेंस की प्रक्रिया को अत्यधिक सुलभ और पारदर्शी बनाया जाएगा। इससे महिलाएं कौशल विकास से जुड़कर आत्मनिर्भर बन सकेंगी।
READ MORE..JAMSHEDPUR NEWS: जमशेदपुर में आंगनबाड़ी सेवाओं के सुदृढ़ीकरण और महिला कल्याण योजनाओं पर सख्त निर्देश
10 हजार नागरिकों को मिले लाइसेंस, प्रक्रिया होगी और सरल
कार्यक्रम के दौरान राज्यभर के 10,000 से अधिक नागरिकों को ड्राइविंग व लर्निंग लाइसेंस वितरित किए गए। मुख्यमंत्री ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए पलामू, सरायकेला-खरसावां और धनबाद के लाभुकों से सीधा संवाद किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि हेवी व्हीकल (भारी वाहन) ड्राइविंग लाइसेंस की प्रक्रिया को भी टाटा मोटर्स के सहयोग से बेहद सरल, पारदर्शी और समयबद्ध बनाया जाए।
लंबित आवेदनों के तुरंत निष्पादन के सख्त निर्देश
हेमंत सोरेन ने सभी जिलों के उपायुक्तों और परिवहन विभाग को निर्देश दिए कि लंबित लाइसेंस आवेदनों की तुरंत समीक्षा कर उनका त्वरित निष्पादन किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी आम नागरिक या आवेदक को बेवजह परेशानी का सामना न करना पड़े।
इस अवसर पर परिवहन मंत्री दीपक बिरुआ, विकास आयुक्त अजय कुमार सिंह, सचिव राजीव रंजन, परिवहन आयुक्त संजीव कुमार बेसरा, पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त राजीव रंजन और टाटा मोटर्स के प्लांट हेड अनुराग छारिया सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।



