जमशेदपुर।
सीतारामडेरा थाना क्षेत्र में कारोबारी हरेराम सिंह से रंगदारी मांगने और घर पर की गई फायरिंग कांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में शूटर रवि महानंद उर्फ गोपला और षड्यंत्रकारी आकाश सिंह उर्फ लालू को गिरफ्तार किया है। बताया गया कि यह पूरी घटना कुख्यात अपराधी सुजीत सिन्हा और दुबई में बैठे अपराधी प्रिंस खान के इशारे पर अंजाम दी गई थी।
READ MORE :JAMSHEDPUR NEWS :छठ पर्व में दर्दनाक हादसा, बन्ना गुप्ता पहुंचे शोकग्रस्त परिवार के घर, दी संवेदना
पहली कार्रवाई:
27/28 अक्टूबर की मध्यरात्रि को पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि फायरिंग का आरोपी शूटर रवि महानंद सिदगोड़ा बारीडीह के K-2 एरिया स्थित एक खाली क्वार्टर में छिपा हुआ है। सिटी एसपी कुमार शिवाशीष के नेतृत्व में पुलिस टीम ने वहां छापेमारी की। लेकिन आरोपी ने पुलिस को देखते ही फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें रवि महानंद गोली लगने से घायल हो गया। उसे एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया।
मौके से पुलिस ने लोडेड पिस्टल, जिंदा कारतूस, खोखे, शराब की बोतल और अन्य आपत्तिजनक वस्तुएं बरामद कीं।
दूसरी कार्रवाई:
इसके बाद 28 अक्टूबर की रात पुलिस को सूचना मिली कि मुख्य षड्यंत्रकारी आकाश सिंह उर्फ लालू न्यू सीतारामडेरा स्लैग रोड में छिपा है। तुरंत छापेमारी कर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने बताया कि वह और उसका साथी दशरथ शुक्ला पहले हरेराम सिंह के शराब व्यवसाय में कार्यरत थे और मासिक वेतन पाते थे। जब उन्हें शराब दुकान का ठेका नहीं मिला, तो बदले की भावना से उन्होंने यह साजिश रची।
उन्होंने बताया कि अपराधी सुजीत सिन्हा और प्रिंस खान के निर्देश पर रंगदारी मांगने और डराने के लिए फायरिंग की योजना बनाई गई थी। रिया सिन्हा और बब्लू खान के माध्यम से हथियार और गोलियां रांची से मंगाई गई थीं।
पुलिस पहले ही 23 अक्टूबर को दशरथ शुक्ला को तीन पिस्टल और गोलियों के साथ गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। अब रवि और आकाश की गिरफ्तारी से गिरोह का नेटवर्क लगभग उजागर हो चुका है। पुलिस का कहना है कि बाकी फरार अपराधियों की तलाश जारी है।

