जमशेदपुर । सीएसआईआर-राष्ट्रीय धातुकर्म प्रयोगशाला (एनएमएल) में सामग्री एवं धातुकर्म अभियांत्रिकी पर केंद्रित राष्ट्रीय स्तर की छात्र संगोष्ठी “बिहाइंड द टीचर्स डेस्क (BTTD-2026)” का भव्य शुभारंभ हुआ है। भारतीय धातु संस्थान (IIM) जमशेदपुर चैप्टर द्वारा टाटा स्टील लिमिटेड, सीएसआईआर-एनएमएल और एनआईटी जमशेदपुर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित यह तीन दिवसीय संगोष्ठी 17 से 19 जून 2026 तक चलेगी।
READ MORE :JAMSHEDPUR NEWS: CSIR-NML में अमेरिकी दूतावास की टीम का दौरा, क्रिटिकल मिनरल्स और ग्रीन एनर्जी पर सहयोग की नई पहल
विकसित भारत-2047 में युवाओं की भूमिका पर जोर
कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन मुख्य अतिथि और सीएसआईआर-एनएमएल के निदेशक डॉ. संदीप घोष चौधरी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान संगोष्ठी की स्मारिका का भी विमोचन किया गया। डॉ. चौधरी ने अपने संबोधन में राष्ट्र की प्रगति और ‘विकसित भारत-2047’ के निर्माण में धातुओं, सामग्रियों और खनिजों के महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने तकनीकी विकास की तेज गति को देखते हुए छात्रों को निरंतर नया सीखते रहने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर आईआईएम जमशेदपुर चैप्टर के अध्यक्ष डॉ. अतनु रंजन पाल, BTTD-2026 के अध्यक्ष डॉ. चिरदीप घोष और संयोजक डॉ. ललित कुमार मीणा प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
40 संस्थानों से 150 से अधिक छात्रों की भागीदारी
BTTD-2026 के अध्यक्ष डॉ. चिरदीप घोष ने बताया कि वर्ष 2011 से शुरू हुआ यह आयोजन आज देशभर के छात्रों के बीच बेहद लोकप्रिय हो चुका है। इस वर्ष आईआईटी (बीएचयू), आईआईटी खड़गपुर, एनआईटी जमशेदपुर, जादवपुर विश्वविद्यालय और बीआईटी मेसरा जैसे 40 प्रतिष्ठित इंजीनियरिंग संस्थानों से 150 से अधिक छात्र-छात्राएं और वक्ता इसमें भाग ले रहे हैं। इस दौरान 104 तकनीकी शोध-पत्रों का प्रस्तुतीकरण तीन समानांतर सत्रों में किया जाएगा। इसके अलावा मेटालर्जिकल क्विज, मेटा-रियल क्विज और वाद-विवाद प्रतियोगिताएं भी आकर्षण का केंद्र होंगी।
READ MORE :JAMSHEDPUR NEWS: पीएम आवास के लाभार्थियों ने किया विधायक सरयू राय का अभिनंदन, 19 जून को मिलेगी नए घर की चाबी
औद्योगिक भ्रमण और विशेषज्ञों से सीधा संवाद
डॉ. अतनु रंजन पाल ने बताया कि भारत को वैश्विक स्तर पर सशक्त बनाने के लिए उच्च गुणवत्ता वाली सामग्रियों का विकास आवश्यक है। संगोष्ठी में आयोजित होने वाले औद्योगिक भ्रमण से विद्यार्थियों को उद्योग जगत के विशेषज्ञों के साथ सीधे संवाद और वर्तमान तकनीकी प्रगति को समझने का बेहतरीन अवसर मिलेगा।
कार्यक्रम में डॉ. सुजॉय हाजरा (जेएसडब्ल्यू स्टील लिमिटेड), फादर-डॉ. जोसेफ मैथ्यू (एक्सएलआरआई), सब्यसाची रॉय (सेरामैट) और डॉ. विवेक श्रीवास्तव (जेएसएल) जैसे दिग्गज विशेषज्ञ प्रमुख व्याख्यान देंगे। अंत में संयोजक डॉ. ललित कुमार मीणा ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का धन्यवाद ज्ञापन किया।
BTTD-2026 के 7 प्रमुख तकनीकी विषय:
कार्यात्मक एवं ऊर्जा सामग्री (Functional and Energy Materials)
धातु निष्कर्षण एवं परिपत्र धातुकर्म (Metal Extraction and Circular Metallurgy)
धात्विक सामग्रियों का सूक्ष्मसंरचनात्मक विश्लेषण (Microstructural Assessment of Metallic Materials)
सामग्री मॉडलिंग एवं सिमुलेशन (Materials Modelling and Simulations)
संक्षारण एवं सतह अभियांत्रिकी (Corrosion and Surface Engineering)
सामग्रियों का यांत्रिक व्यवहार (Mechanical Behaviour of Materials)
खनिज प्रसंस्करण (Mineral Processing)


