भक्ति, श्रद्धा और जनकल्याण का महापर्व, 20 नवंबर से शुरू हो रहा रामार्चा अनुष्ठान
जमशेदपुर में धार्मिक उल्लास और सामाजिक एकता का प्रतीक, ‘रामार्चा पूजा’ इस वर्ष अपने 26वें संस्करण के साथ भव्य रूप में आयोजित होने जा रही है। 20 और 21 नवंबर 2026 को होने वाले इस विशाल अनुष्ठान में पूरे झारखंड, बिहार और पड़ोसी राज्यों से हजारों श्रद्धालु जुटेंगे। जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय पिछले 25 वर्षों से इस पावन आयोजन के मुख्य यजमान की भूमिका निभा रहे हैं। उनके लिए यह पूजा केवल एक धार्मिक विधि नहीं, बल्कि जनकल्याण और लोक-साधना का महाव्रत है।
READ MORE..ADITYAPUR NEWS: निखिल डे हत्याकांड में नया मोड़, परिजनों ने सड़क जाम से किया इनकार; तीसरे आरोपी की गिरफ्तारी की मांग
25 वर्षों की अटूट परंपरा, सरयू राय की समर्पण गाथा
वर्ष 2000 में गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर रांची से शुरू हुई यह रामार्चा पूजा, साल 2005 में सरयू राय के जमशेदपुर से विधायक बनने के बाद यहीं की माटी का अहम हिस्सा बन गई। चुनावी हार-जीत, राजनीतिक उतार-चढ़ाव और कोरोना जैसी महामारी के दौर में भी इस पूजा की निरंतरता कभी नहीं टूटी। सरयू राय इस वृहद् आयोजन का पूरा खर्च अपनी व्यक्तिगत आय और बचत से उठाते हैं, किसी से कोई चंदा या आर्थिक सहयोग नहीं लेते।
नौ वर्गफुट की चौकी पर सजेगा प्रभु राम का दरबार
20 नवंबर को बिष्टुपुर के जे रोड स्थित 42 नंबर आवास पर नौ वर्गफुट की लकड़ी की चौकी (पूजा स्थल) को केले के पत्तों, फूलों और रंग-बिरंगे वस्त्रों से भव्य रूप से सजाया जा रहा है। बेगूसराय के पंडित गौरीकांत ठाकुर के मार्गदर्शन और विनोद पांडेय की देखरेख में ब्राह्मणों का दल वैदिक विधि-विधान से पूजा संपन्न कराएगा। इस पूजा में प्रभु श्रीराम, माता सीता, भ्राता लक्ष्मण, भरत, शत्रुघ्न, हनुमान जी और रामकथा के सभी सहयोगियों की आराधना कर जनकल्याण की कामना की जाएगी।
READ MORE..saraikela-kharsawan News : भाजपा जिला कार्यालय में बूथ संगठन पुनर्निर्माण को लेकर बैठक, तीन विधानसभा संयोजकों की घोषणा
मणिमेला मैदान में सजेगा महाप्रसाद, ‘हाथी कानपूड़ी’ का रहेगा विशेष आकर्षण
इस धार्मिक आयोजन का सबसे बड़ा आकर्षण ‘हाथी कानपूड़ी’ (विशाल पारंपरिक पूड़ी) का महाप्रसाद है। 21 नवंबर को बिष्टुपुर के मणिमेला मैदान में करीब 40 से 50 हजार लोगों के लिए सामूहिक महाप्रसाद का वितरण किया जाएगा। इस विशेष पूड़ी और आलू-बैंगन-बड़ी की सब्जी, बूंदी तथा चटनी बनाने के लिए बिहार के भोजपुर जिले के शाहपुर से कुशल कारीगर बुलाए गए हैं। यहाँ समाज का हर तबका एक साथ बैठकर प्रसाद ग्रहण करता है, जो सामाजिक समरसता की अनूठी मिसाल है।



