मृतक के पिता और चाचा बोले- अंतिम संस्कार के लिए शांतिपूर्वक जा रहा था परिवार, बाहरी लोगों ने किया हंगामा; मां ने कहा- पुलिस ने नहीं की मारपीट
आदित्यपुर: निखिल डे हत्याकांड के बाद शेरे पंजाब चौक पर हुए सड़क जाम और पुलिस के साथ झड़प के मामले में नया मोड़ सामने आया है। मृतक के परिजनों ने सड़क जाम और प्रदर्शन में परिवार के किसी भी सदस्य के शामिल होने से इनकार किया है। परिजनों का कहना है कि वे शांतिपूर्वक अंतिम संस्कार के लिए शव लेकर श्मशान घाट जा रहे थे, तभी कुछ बाहरी लोग वहां पहुंचे और नारेबाजी करते हुए हंगामा शुरू कर दिया।
मृतक के पिता सोमनाथ डे और चाचा विजय डे ने बताया कि परिवार का कोई भी सदस्य सड़क जाम या हंगामे में शामिल नहीं था। उन्होंने कहा कि प्रदर्शन करने वाले युवकों को वे पहचानते तक नहीं हैं। परिजनों के अनुसार, कुछ लोगों ने शव को जबरन सड़क पर रखकर जाम लगाने का प्रयास किया।
READ MORE :ADITYAPUR NEWS: निखिल डे हत्याकांड में नया मोड़, परिजनों ने सड़क जाम से किया इनकार; तीसरे आरोपी की गिरफ्तारी की मांग
तीसरे आरोपी की गिरफ्तारी ही परिवार की मांग: मां
मृतक की मां रूबी डे ने भी सड़क जाम से परिवार का कोई संबंध होने से इनकार किया। उन्होंने कहा कि परिवार की एकमात्र मांग है कि निखिल की हत्या में गिरफ्तार किए गए दो आरोपियों के अलावा फरार तीसरे आरोपी को भी जल्द गिरफ्तार किया जाए।
परिजनों ने पुलिस पर मारपीट करने का आरोप भी नहीं लगाया। उनका कहना है कि पुलिस ने उनके साथ कोई मारपीट नहीं की और हंगामा बाहरी लोगों की ओर से किया गया।
पुलिस के साथ झड़प के बाद प्रदर्शनकारियों को हटाया
बताया गया कि घटना की सूचना मिलने पर आदित्यपुर पुलिस मौके पर पहुंची और सड़क जाम कर रहे युवकों को हटाने का प्रयास किया। इसी दौरान कुछ युवक पुलिसकर्मियों से उलझ गए और हाथापाई की स्थिति उत्पन्न हो गई। हालात बिगड़ने पर पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए प्रदर्शनकारियों को वहां से हटाया और यातायात बहाल कराया।
READ MORE :JAMSHEDPUR NEWS:वंदे भारत में एक सप्ताह पहले एक्सपायर हो चुका नमकीन परोसा
25 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
इस मामले में आदित्यपुर थाना प्रभारी के बयान पर थाना कांड संख्या 33/26 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने एक लंबे बाल वाले युवक समेत करीब 25 लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। आरोपों में अवैध जमावड़ा, उपद्रव, सड़क जाम और पुलिसकर्मियों के साथ अभद्रता शामिल हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
निखिल डे हत्याकांड में परिजनों ने अब स्पष्ट किया है कि उनका उद्देश्य केवल फरार तीसरे आरोपी की गिरफ्तारी सुनिश्चित कराना है।


