
जमशेदपुर. वर्ल्ड फिटनेस फेडरेशन ऑफ योगासना स्पोर्ट्स (डब्ल्यूएफएफवाईएस), झारखंड चैप्टर एवं सरकार योगा एकेडमी के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को एक भव्य आयोजन हुआ। कदमा गणेश पूजा मैदान के समीप स्थित आंध्रा एसोसिएशन स्कूल के सभागार में तृतीय झारखंड स्टेट योगासना स्पोर्ट्स चैंपियनशिप का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में राज्यभर से 5 वर्ष से लेकर 60 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए कुल 12 आयु वर्ग बनाए गए थे।
स्टार और मॉम्स कैटेगरी रही मुख्य आकर्षण
इस बार की प्रतियोगिता का मुख्य आकर्षण दिव्यांग बच्चों के लिए आयोजित की गई ‘स्टार कैटेगरी’ और महिलाओं के लिए विशेष रूप से तैयार ‘मॉम्स कैटेगरी’ रही। सभी वर्गों में महिला एवं पुरुष प्रतिभागियों ने कठिन और उत्कृष्ट योगासनों की प्रस्तुति देकर दर्शकों और निर्णायकों को दांतों तले उंगली दबाने पर मजबूर कर दिया।
विधायक सरयू राय ने किया उद्घाटन
कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन जमशेदपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के विधायक सरयू राय, सामाजिक कार्यकर्ता आलोक मल्होत्रा एवं आंध्रा एसोसिएशन के अध्यक्ष मनोज सत्यनारायण ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर विधायक सरयू राय ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ और अनुशासित जीवनशैली का आधार है। सरकार योगा एकेडमी ने जमशेदपुर ही नहीं, बल्कि पूरे राज्य में योग को एक नई और मजबूत पहचान दिलाने का सराहनीय कार्य किया है। आज योग वैश्विक स्तर पर भारत की सांस्कृतिक पहचान बन चुका है।
मोबाइल और तनाव से मुक्ति का साधन है योग
विशिष्ट अतिथि आलोक मल्होत्रा ने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान डिजिटल दौर में युवाओं और बच्चों को मोबाइल की लत एवं तनावपूर्ण जीवनशैली से दूर रखने के लिए योग अत्यंत आवश्यक है। वहीं मनोज सत्यनारायण ने योग को भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर बताते हुए इसे युवाओं से जोड़ने पर जोर दिया। ब्रह्माकुमारीज़ की संजू बहन ने कहा कि नियमित योगाभ्यास से जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। सीबीएमडी के मनोज सिंह एवं समाजसेवी मुन्ना सिंह ने भी खिलाड़ियों की हौसलाअफजाई की।
विजेताओं को मिला नेशनल चैंपियनशिप का टिकट
READ MORE..Jamshedpur news:अमृतवेला समागम में उमड़ी श्रद्धा: नन्हीं बच्ची अकाल कीरत कौर ने मनाया जन्मदिन
प्रतियोगिता के सफल संचालन में स्मिकी सरकार ने मंच संचालन की भूमिका निभाई। प्रसाद नंदी मुख्य निर्णायक तथा गौरांग सरकार मुख्य पर्यवेक्षक के रूप में मौजूद रहे। डब्ल्यूएफएफवाईएस झारखंड चैप्टर के अध्यक्ष सह सरकार योगा एकेडमी के संस्थापक एवं अंतरराष्ट्रीय योगगुरु अंशु सरकार ने बड़ी जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि इस प्रतियोगिता के विजेताओं को आगामी 26 से 28 जून 2026 तक हरिद्वार, उत्तराखंड में आयोजित होने वाली नेशनल योगासना स्पोर्ट्स चैंपियनशिप में झारखंड का प्रतिनिधित्व करने का मौका मिलेगा। राज्य के खिलाड़ियों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है और उचित मंच मिलने पर वे राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।


